मेयर चुनाव: भाजपा और सपा में चौंकाने वाली सियासत, BJP में शुरू हुई जोरदार हलचल
उधर, लखनऊ में बैठक...इधर डॉ. अरोड़ा के लिए खरीदा गया नामांकन पत्र
बरेली, अमृत विचार। भाजपा ने अभी मेयर प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है लेकिन शुक्रवार को महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा के लिए नामांकन पत्र के दो सेट खरीदे जाने के बाद एकाएक माहौल गरमा गया। वे दावेदार सकते में आ गए जो कई दिनों से टिकट के लिए लखनऊ और दिल्ली के चक्कर काट रहे हैं। वरिष्ठ नेता अनाधिकारिक तौर पर संभावना जता रहे हैं कि हाईकमान से कोई संकेत मिलने के बाद ही डॉ. अरोड़ा के लिए नामांकन पत्र खरीदा गया है। यह भी कहा जा रहा है कि शनिवार की रात तक हाईकमान मेयर के साथ जिले के दूसरे निकायों के अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर सकता है।
डॉ. केएम अरोड़ा का ही टिकट फाइनल होने की बात इसलिए और जोर देकर कही जा रही है क्योंकि जिस वक्त उनके लिए महानगर उपाध्यक्ष देवेंद्र जोशी ने नामांकन पत्र खरीदा, उस दौरान लखनऊ में मेयर प्रत्याशी के चयन के लिए पार्टी की बैठक भी चल रही थी। बता दें कि बरेली के प्रत्याशी के चयन के लिए लखनऊ से दिल्ली तक कई बार बैठकें हो चुकी हैं जिनमें कई नामों पर चर्चा हुई है। ऐसी भी सूचनाएं आईं कि जिले के समीकरण और कई नेताओं की उच्चस्तरीय पैरवी ने हाईकमान को असमंजस में डाल दिया है। इसी वजह से टिकट घोषित नहीं हो पा रहा है।
शुक्रवार को लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, दोनों डिप्टी सीएम के साथ दूसरे वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में बरेली समेत दूसरे चरण में चुनाव मैदान में उतरने जा रहे मेयर प्रत्याशियों के चयन के लिए मंथन किया जा रहा था।
इसी दौरान यहां मेयर के टिकट के दावेदार भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा के लिए पर्चा खरीदा गया। इसके बाद टिकट के दूसरे दावेदारों में इस कदर खलबली मची कि इसकी गूंज लखनऊ तक पहुंच गई। भाजपा के स्थानीय नेताओं में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। कहा जा रहा है कि संभवत: हाईकमान से कोई संकेत मिलने के बाद ही डॉ. केएम अरोड़ा के लिए नामांकन पत्र खरीदा गया है।
पहले चरण में दो महानगर अध्यक्षों को हाईकमान ने दिया है टिकट
डॉ. केएम अरोड़ा का टिकट इसलिए भी पक्का बताया जा रहा है क्योंकि जिन नगर निगमों में पहले चरण में चुनाव होना है, उनमें से दो शहरों में महानगर अध्यक्षों को ही मेयर का प्रत्याशी बनाया गया है। बता दें कि स्थानीय स्तर पर तमाम कवायद के बाद बरेली के मेयर के लिए जिन तीन नामों का पैनल भेजा गया था, उसमें शामिल तीनों दावेदार अपने नाम के आगे डॉक्टर लगाने वाले बताए जा रहे थे। जिस तरह डॉ. केएम अरोड़ा के लिए चौंकाते हुए नामांकन पत्र खरीदा गया है, उससे यह भी पुष्टि हो रही है कि पैनल में उनका भी नाम था।
जरूरी नहीं मुझे ही टिकट मिले, शुभ मुहूर्त की वजह से खरीदा है नामांकन
डॉ. केएम अरोड़ा ने फिलहाल सभी चर्चाओं को खारिज किया है। उनका कहना है कि नामांकन पत्र खरीदने का यह मतलब नहीं है कि टिकट उन्हें ही मिल रहा है। चूंकि शुक्रवार को मुहूर्त ठीक था, इसलिए नामांकन पत्र खरीदा गया है। इसके बाद कोई अच्छा मुहूर्त नहीं था। टिकट किसे मिलेगा, यह निर्णय तो पार्टी हाईकमान ही करेगा। नामांकन पत्र खरीदने को लोग गलत तरह से देख रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Bareilly: मासिक पास होने पर भी गाड़ियों का फास्टैग से कट रहा टोल
