Unnao News : ससुराल आए दो युवकों की संदिग्ध हालात में मौत, परिजन बोले- ससुरालियों ने की हत्या
उन्नाव में दो युवकों की संदिग्ध हालात में मौत।
उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र में ससुराल आए दो युवकों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने ससुरालियों पर हतया करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
उन्नाव, अमृत विचार। सदर कोतवाली अंतर्गत दो अलग-अलग चौकी क्षेत्रों में ससुराल आए युवकों की अचानक हालत बिगड़ गयी। एक ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरे को वहां लाने पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतकों के परिजनों ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजे हैं।
केस एक :
आसीवन थानाक्षेत्र के जखइला गांव निवासी दिलीप (25) पुत्र नन्हा रावत मजदूरी करता था। उसकी शादी चार साल पहले सदर कोतवाली क्षेत्र के मसवासी गांव निवासी सियाराम की बेटी सुमन से हुई थी। उसकी एक डेढ़ साल की बेटी जान्हवी है। जबकि 15 दिन पूर्व सुमन ने एक और बेटी को जन्म दिया है। बीती 17 अप्रैल को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। बात इतनी बढ़ी कि मामला पुलिस तक पहुंचा। सूचना पर मायके वाले रसूलाबाद चौकी पहुंचे। जहां दोनों पक्षों में सुलह के बाद सुमन अपने भाई के साथ मायके आ गई। बीती 19 अप्रैल को सुमन ने बेटी की तबियत खराब होने की बात बता दिलीप को फोन कर मायके बुलाया। पिता नन्हा का आरोप है कि शुक्रवार को बहू के भाइयों ने बेटे को पीटा और शराब में उसे जहर मिला कर पिला दिया। हालत बिगड़ने पर साले उसे पड़ोसी गांव चेतखेड़ा निवासी दिलीप के मामा फूलचंद्र के यहां छोड़ गए। मामा के बेटे मुकेश ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। परिजनों की तहरीर पर मगरवारा चौकी प्रभारी ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। जिसमें जहर की पुष्टि के लिए बिसरा सुरक्षित किया गया है। उसकी जेब से भी जहर की पुड़िया मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के पेट में अल्कोहल भी मिला है।
केस दो :
लखनऊ के सहादतगंज थानाक्षेत्र के बिहारीपुर जब्ती बगिया निवासी अनिकेत (25) पुत्र स्व. रमेश लोधी की शादी ढाई वर्ष पूर्व सदर कोतवाली अंतर्गत कांशीराम चौकी क्षेत्र के मोहल्ला उम्मीदों के शहर निवासी जगदीश की बेटी शांती से हुई थी। परिजनों के मुताबिक शांति अक्सर मायके में ही रहती थी। बीते दिनों उसने महिला थाने में शिकायतीपत्र देकर पति पर शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाया था। बीते रविवार दोनों को परिवार परामर्श केंद्र में बुलाकर उनका सुलह समझौता कराया गया और शुक्रवार को शांति को विदा कराने की बात तय हुई। तय कार्यक्रम के तहत अनिकेत शुक्रवार को ससुराल आया था। शांति के मुताबिक शाम को अनिकेत के सीने में अचानक दर्द हुआ। जिस पर पास के डाक्टर से दवा दिलाई गई। शनिवार सुबह करीब साढे आठ बजे फिर तबियत बिगड़ी तो वह उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंची। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची मृतक की मां बीना ने बहू पर बेटे को मार डालने का आरोप लगाया है। मृतक तीन बहनों सरिता, बबिता व खुशी के बीच अकेला था। चौकी प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
