UP Nikay Chunav 2023: हवाई जहाज से वोट डालने आयेंगे परदेशी बाबू, कई उम्मीदवारों ने साधा संपर्क, ले पूरी जानकारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर में हवाई जहाज से वोट डालने परदेशी बाबू आयेंगे।

फतेहपुर में निकाय चुनाव में किस्मत आजमा रहे कई उम्मीदवारों ने परदेशी समर्थकों से संपर्क साधा जाने लगा। नवसृजित तीन नगर पंचायतों में ऐसे वोटरों को अपने पक्ष में पोलिंग बूथ ले जाने कवायद में तेजी की।

फतेहपुर, अमृत विचार। छोटी सदन के लिए चार मई को होने जा रहे मतदान में एक बार फिर परदेशी बाबुओं की आमद देखने को मिलेगी। कोई ट्रेन के एसी कोच में सवार होकर आएगा तो कोई हवाई जहाज में बैठकर। ऐसा इसलिए है क्योंकि रोजी रोटी के लिए मुंबई व दुबई कमाने वालों से संपर्क साधा जाने लगा है। संपर्क साधने वाले ऐसे भाग्यविधाताओ को ऐन केन प्रकारेण अपने पाले में लाने को उनकी टिकट का इंतजाम कर रहे हैं।

इस बार जिले में सात के बजाय आठ निकाय का चुनाव होना है। मैदान में उतरे उम्मीदवार, भाग्यविधाताओं का समर्थन हासिल करने को हरेक तरह की कवायद में जुट गए हैं। इसी कवायद का एक हिस्सा परदेशी बाबू भी माने जा रहे हैं। जिन्हें बुलाने के लिए फोन करके संपर्क किया जा रहा है। यह वह वोटर हैं जो बाहर रहने के बावजूद निकाय चुनाव में खासकर बुलाए जाते हैं।यह भी अपने मनपंसदीदा प्रत्याशी के लिए वक्त निकाल कर मतदान करने को आते हैं।

परदेशी बाबुओं को मतदान को बुलाने की कवायद दलीय प्रत्याशियों में ज्यादा देखने को मिल रही है। कोई प्रत्याशी इन परदेशी वोटरों को टिकट का इंतजाम करा रहा है तो कोई सीधे एयरपोर्ट तक चार पहिया भेजने की रणनीति पर काम कर रहा है। खागा तहसील की एक निकाय से दलीय दावा ठोंक रहे प्रत्याशी के परिवार के ज्यादातर सदस्य मुंबई में रहते हैं। चुनाव  को एक पखवारा ही बचा है।

ऐसे में नगर पंचायत के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने वाले यह प्रत्याशी एक एक वोट अपने पक्ष में डलवाने की जुगत लगाने में जुटे हैं। कमोबेश यही बिंदकी तहसील क्षेत्र की एक निकाय में देखने को मिल रहा है। सदर तहसील की एक निकाय के एक पार्टी का सिबंल लेकर मैदान में उतरे उम्मीदवार का भी दिमाग परदेशी वोटरों पर चल रहा है। इन्हें कहने में गुरेज नहीं कि निकाय चुनाव लोकल का होने के कारण इसकी सफलता व्यक्तिगत छवि व जातीय फैक्टर पर निर्भर करती है।

 

संबंधित समाचार