MJPRU: सुस्त रफ्तार...अब तक सिर्फ 11 फीसदी परीक्षा फार्म हुए ऑनलाइन सत्यापित
मुख्य परीक्षा के फार्म 26 अप्रैल तक भरने और 28 तक ऑनलाइन सत्यापित होने हैं
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के स्नातक और परास्नातक की मुख्य परीक्षा के फार्म भरने की अंतिम तिथि नजदीक आ गई है। अब तक 1 लाख 32 हजार परीक्षा फार्म ऑनलाइन भरे जा चुके हैं लेकिन परीक्षा फार्मों को सत्यापित करने की रफ्तार सुस्त है। अब तक महाविद्यालयों की ओर से सिर्फ 11 प्रतिशत परीक्षा फार्म ही ऑनलाइन सत्यापित किए गए हैं।
विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने की तिथि 26 अप्रैल और फार्म सत्यापित करने की तिथि 28 अप्रैल निर्धारित की है। हालांकि अभी काफी संख्या में छात्र फार्म भर नहीं सके हैं। विश्वविद्यालय ने स्नातक और परास्नातक की मुख्य परीक्षा के संस्थागत फार्म 29 मार्च से भरने शुरू किए हैं और व्यक्तिगत परीक्षा फार्म 30 मार्च से भरे जा रहे हैं।
शनिवार शाम 6 बजे तक स्नातक के 97123 परीक्षा फार्म भरे गए, जिनमें सिर्फ 11197 ही ऑनलाइन सत्यापित किए गए। इनमें बीए के 67056 में 7480, बीएससी के 16558 में 2190 और बीकॉम के 7754 में 805 फार्म सत्यापित हुए हैं। इसके अलावा स्नातक के अन्य पाठ्यक्रमों के 5755 में 702 ऑनलाइन सत्यापित हुए हैं। परास्नातक के अब तक 35470 फार्म भरे गए हैं, जिनमें एमए के 28190 में 3433, एमएससी के 3725 में 343 और एमकॉम के 3555 में 405 फार्म सत्यापित हुए हैं।
अब चुनाव के बाद ही होंगी मुख्य परीक्षाएं
सत्र 2022-23 की स्नातक और परास्नातक की मुख्य परीक्षाएं अब नगर निकाय चुनाव के बाद ही होंगी। यही वजह है कि विश्वविद्यालय ने अभी तक परीक्षा कार्यक्रम जारी नहीं किया है। चुनाव प्रक्रिया के चलते महाविद्यालयों का भी अधिग्रहण किया गया है। इसकी वजह से यहां परीक्षा केंद्र बनाना भी मुश्किल होगा। चुनाव में शिक्षकों की ड्यूटी भी लगाई गई है। विश्वविद्यालय के सूत्रों के अनुसार परीक्षाएं 15 मई के बाद ही होंगी।
यह भी पढ़ें- Bareilly: सपा जिलाध्यक्ष ने चालक पर दर्ज कराई चोरी की रिपोर्ट, जानिए पूरा मामला
