गरमपानी: बुधलाकोट गांव में हांफ गई जल जीवन मिशन योजना, नल से नहीं टपकी पानी की एक बूंद
गरमपानी, नैनीताल। जल जीवन मिशन योजना से प्रत्येक परिवार को पेयजल उपलब्ध कराने के खूब ढोल पीटे जाएं पर धरातल में हालत उलट हैं। बेतालघाट ब्लॉक के सुदूर बुधलाकोट गांव में योजना तैयार होने के बाद से ही आपूर्ति चरमरा गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि वह एक किलोमीटर दूर से पानी ढो रहे हैं। ग्राम प्रधान ने दावा किया कि जल्द व्यवस्था दुरुस्त कराने का प्रयास किया जा रहा।
सरकारी योजनाएं पहाड़ चढ़ते चढ़ते हांफने लग रही हैं। सरकार ने हर घर तक पानी पहुंचाने को महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना तैयार की पर बुधलाकोट गांव में ही योजना का दम फूल गया है। आरोप है की जब से जल जीवन मिशन योजना के तहत संयोजन दिए गए हैं तब से पानी की बूंद तक नहीं टपक रही। मजबूरी में एक किलोमीटर दूर से सिर पर पानी ढोकर घर तक पहुंचाना पड़ रहा है।
मवेशियों को भी दूर दराज जाना पड़ रहा है। इसमें तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। आए दिन पेयजल संकट बढ़ता ही जा रहा है। स्थानीय लीला पडलिया, चंद्रा देवी, कमला देवी, ललिता देवी ने पेयजल व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है।
चेतावनी दी है कि यदि उपेक्षा हुई तो फिर गांव के लोगों को साथ लेकर आंदोलन शुरू किया जाएगा। ग्राम प्रधान ललित चंद्र के अनुसार स्रोत में पानी कम होने से आपूर्ति प्रभावित हो रही है फिर भी प्रयास किया जा रहा कि गांव के लोगों को पानी उपलब्ध हो सके।
