Bareilly: नौजवानों के शौक ने दो साल में 40 फीसदी बढ़ा दी बीयर की खपत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आबकारी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बरेली में हर रोज 25 हजार से ज्यादा बीयर केन की सेल, विभाग का राजस्व भी बढ़ा

अनुपम सिंह, बरेली। कुछ ही समय में बीयर किस कदर नौजवानों की पार्टियों का अहम हिस्सा बन गई है, यह आबकारी विभाग के आंकड़े बयान कर रहे हैं। इन आंकड़ों के मुताबिक पिछले दो साल बीयर केन की सेल 40 फीसदी तक बढ़ी है। बरेली में हर रोज 25 हजार से ज्यादा बीयर केन की खपत हो रही है। नौजवानों में बीयर का शौक बढ़ने का अच्छा-खासा फायदा आबकारी विभाग को भी हो रहा है।

आबकारी विभाग के अफसरों के मुताबिक बीयर पीने वालों की तादाद दो-तीन सालों में काफी तेजी से बढ़ी है। इसका प्रमुख कारण यही है कि नौजवानों में इसका चस्का बढ़ा है। स्कूल-कॉलेज जाने वाले युवाओं में भी अब बीयर पार्टियों का चलन बढ़ा है।

विभाग के आंकड़े कहते हैं कि कोरोना काल और उससे पहले बीयर पीने वालों की संख्या काफी कम ही नहीं, कई सालों से स्थिर भी थी। 2019-20 में जिले में करीब 65.56 लाख बीयर केन बिकी थीं जो 2020-21 में कोरोना की पहली लहर शुरू होने के बाद और घटकर 47.65 लाख पर पहुंच गई लेकिन इसके बाद बीयर पीने वालों की तादाद काफी तेजी से बढ़ी।

आंकड़ों के मुताबिक 2020-21 में 81.36 लाख से ज्यादा बीयर केन की सेल हुई। अगले ही साल इसमें 25 फीसदी की रिकॉर्ड वृद्धि हुई और बीयर केन की सेल एक करोड़ के पार पहुंच गई। 31 मार्च 2022 से 2023 तक 1.02 करोड़ से ज्यादा बीयर केन बिकीं। फिलहाल जो औसत है, उसके मुताबिक जिले में एक महीने में करीब 7.66 लाख और हर रोज 25.5 हजार बीयर केन बिक रही हैं।

अंग्रेजी शराब की सेल जहां की तहां, पर देसी में कुछ इजाफा
बीयर की तुलना में अंग्रेजी शराब की सेल में कोई वृद्धि नहीं हुई। 2019-20 में 46.38 लाख बोतलें बिकी थीं तो 2020-21 में कोरोना काल के दौरान यह आंकड़ा घटकर 40.01 लाख पर आ गया। 2021-22 में बढ़कर 48.65 लाख पर पहुंचा और 2022-23 में भी लगभग स्थिर यानी 48.67 लाख पर रहा।

देसी शराब की 2019-20 में करीब 1.12 करोड़ लीटर बिकी और 2020-21 में 1.16 करोड़ लीटर। 2021-22 में यह आंकड़ा 1.39 करोड़ लीटर पर पहुंचा और 2022-23 में और बढ़कर 1.66 करोड़ लीटर पर पहुंच गया। देसी शराब की सेल के आंकड़े बता रहे हैं कि देहात में पीने वाले बढ़े हैं। माना जाता है कि देहात में देसी शराब और बीयर और अंग्रेजी शराब की खपत शहरी इलाकों में ज्यादा होती है।

कोरोना काल और उससे पहले बीयर की खपत काफी कम थी लेकिन इसके बाद बीयर पीने वालों की संख्या काफी बढ़ी है। पिछले वित्तीय वर्ष में देसी शराब की सेल में भी काफी इजाफा हुआ है--- विजय प्रताप सिंह, जिला आबकारी अधिकारी।

यह भी पढ़ें- Bareilly: साइबर ठगों के जाल में फंसकर कई लोगों ने गंवाई रकम

संबंधित समाचार