लखनऊ ऑटो रिक्शा थ्री व्हीलर संघ ने निकाय चुनाव में भाजपा को दिया समर्थन
अमृत विचार, लखनऊ। निकाय चुनाव में भाजपा महापौर प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए लखनऊ ऑटो रिक्शा थ्री व्हीलर संघ ने भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की । सुषमा खरकवाल के चुनाव कार्यालय हलवासिया कोर्ट हजरतगंज में भाजपा पार्षद प्रत्याशियों के पक्ष में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व लखनऊ महानगर अध्यक्ष एमएलसी मुकेश शर्मा की उपस्थिति में आयोजित यूनियन की बैठक में इसकी घोषणा की गई। यूनियन के पदाधिकारियों को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने संबोधित करते हुए कहा कि हम इस बात की गारंटी लेते हैं कि ऑटो रिक्शा चालकों के सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि हम राजनीतिक भाषण नहीं कर रहे घर की बात है,हम हमेशा सुख दुख में परिवार की तरह आपके साथ खड़े रहते हैं। मेयर आपका होगा तो आपके हर काम होंगे। सुषमा खरकवाल 36 साल से पुरानी कार्यकर्ता हैं। भारतीय जनता पार्टी ने कहा हम उसको मेयर बनाएंगे जो आम कार्यकर्ता है, इनको बड़े पदों से मतलब नहीं है। इनको जिताना हम सबकी जिम्मेदारी है।
यूनियन संघ के अध्यक्ष पंकज दीक्षित ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में योगी सरकार में कोई गुंडा माफिया किसी प्रकार की वसूली नहीं करता है। इसमें कानून का राज स्थापित है। विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं इन सब से प्रभावित होकर अपना समर्थन भाजपा प्रत्याशी को दे रहे हैं। इस अवसर पर संघ के महामंत्री पीयूष वर्मा,राजेश राय, किशोर पहलवान, संयोजक जितेंद्र राजपूत व बड़ी संख्या में पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें - लखनऊ : ग्रीष्मकालीन अवकाश में रेलवे चलायेगा चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनें
