पीलीभीत: नामांकन से एक दिन पहले सपा ने बदला बीसलपुर का टिकट
पहले ही उठी थी इनके नाम की चर्चाएं फिर रेहाना बना दी गई थी प्रत्याशी
पीलीभीत, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव की राजनीति हर पल नया मोड़ ले रही है। खासकर समाजवादी पार्टी में उथल पुथल नहीं थम रही। सदर सीट पर प्रत्याशी को लेकर हुई बगावत के बीच बीसलपुर सीट पर नामांकन से एक दिन पहले बदलाव कर दिया। निवर्तमान चेयरमैन नूर अहमद अंसारी की पत्नी रेहाना बी का टिकट काट दिया गया है। उनकी जगह पर सपा नेता अली शेर की पत्नी शबनम को प्रत्याशी बनाया है।
बता दें कि पिछले नगर निकाय चुनाव में बीसलपुर नगर पालिका सीट सपा के पाले में थी। नूर अहमद अंसारी ने जीत दर्ज कराई थी। इस बार उनकी पत्नी रेहाना बी ने आवेदन किया था। इस सीट पर पहले शबनम का टिकट होने की बात कही गई।
मगर दुसरे ही दिन टिकट रेहाना का घोषित कर दिया था । इसके बाद अब नामांकन से एक दिन पहले बदलाव करते हुए वापस शबनम को प्रत्याशी बना दिया है। जिससे निवर्तमान चेयरमैन को झटका लगा है। इस बदलाव के पीछे हाल ही में सपा के नगराध्यक्ष बीसलपुर द्वारा अखिलेश यादव को भेजी गई शिकायत को अहम माना जा रहा है।
जिसमें नूर अहमद की विवादित छवि और भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी के परिवार पर दर्ज तमाम मुकदमों का हवाला दिया गया था। सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने बताया कि बीसलपुर सीट पर टिकट बदला गया है। अब बीसलपुर नगर पालिका में अध्यक्ष प्रत्याशी शबनम है।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत टाइगर रिजर्व पहुंची फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर... जानिए फिर क्या हुआ?
