रायबरेली: फंदे पर लटकता मिला युवक का शव, बदहवास पिता हुआ लापता
बछरावां, रायबरेली, अमृत विचार। घर के बाहर कमरे में सो रहे युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिला है। घटना को देखकर मृतक का पिता बदहवास हो गया और वह घर से भाग गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मामला कस्बे के दक्षिण चमरिहा मोहल्ला वार्ड नंबर एक का है। यहां के निवासी विवेक कुमार (25 वर्ष) पुत्र आसाराम चौधरी रविवार की शाम को परिजनों के साथ खाना खाकर घर के बाहर अपने कमरे में सोने चला गया था।
परिजनों का कहना है कि रात करीब 2 बजे अचानक आहट पाकर परिवार के लोग जागे और इधर-उधर आहट की खोज करने लगे। उसके बाद जब विवेक के कमरे में परिजन पहुंचे तो उसका शव उसकी बहन के दुपट्टे से बने फांसी के फंदे पर लटक रहा था। शव देखकर पूरे परिवार में कोहराम मच गया। युवक के पिता ने शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारा और बदहवासी में चीखता चिल्लाता हुआ भाग गया।
जिसका कुछ पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सोमवार की सुबह मामले की सूचना पुलिस को दी गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाल बृजेश राय ने बताया कि युवक ने अपनी बहन के दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या की है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:-कानपुर: हैलट के जच्चा-बच्चा चिकित्सालय में लगी भीषण आग, एक स्थान से दूसरे स्थान शिफ्ट किए गए मरीज
