अयोध्या: शहर में लाइन शिफ्टिंग तो गांवों में आंधी ले उड़ी बिजली
चौक उपकेंद्र से जुड़ा देवकाली, रीडगंज और नियावां रोड सर्वाधिक प्रभावित
अमृत विचार, अयोध्या। निकाय चुनाव के शोर के बीच गहराते बिजली संकट को लेकर जिम्मेदार और जनप्रतिनिधि दोनों हाथ पर हाथ धरे बैठे हुए हैं। नगरीय क्षेत्र में लाइन शिफ्टिंग और खोदाई संकट तो ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार दोपहर बाद आई आंधी बिजली कटौती का मुख्य कारण बनी। हालांकि रविवार से सोमवार तक मौसम सामान्य है, लेकिन रोजमर्रा के जरूरी काम बुरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं।
सबसे गंभीर बात यह है कि चौक उपकेंद्र से जुड़ा देवकाली इलाका बिजली संकट का हब बन गया है। यहां बिना आंधी-पानी और शिफ्टिंग के कारण रोजाना बिजली गुल हो रही है। सोमवार को भी एक मार्ट के सामने लगा ट्रांसफर दग गया और आपूर्ति बाधित हो गई। अवर अभियंता से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि जानकारी नहीं है, अभी दिखवाया जा रहा है। इस क्षेत्र में आए-दिन केबल जलने समेत अन्य कारण से आपूर्ति बाधित रहती है, जिसके चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं चौक से जुड़े नियावां रोड, टेली टोला, अंगूरीबाग में खोदाई के कारण आपूर्ति बाधित हो रही है। हालांकि वीआईपी इलाका सिविल लाइन में ऐसा नहीं है। वहां आबाध आपूर्ति हो रही है।
बीकापुर संवाददाता के अनुसार आंधी से क्षेत्र में अधिक प्रभाव नहीं पड़ा है कस्बे में आपूर्ति सामान्य है, बस सात गांव प्रभावित हैं। मिल्कीपुर, रुदौली, सोहावल आदि तहसील क्षेत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आंधी के कारण रविवार शाम आपूर्ति बाधित हुई थी जो सोमवार दोपहर बाद बहाल हो गई है। हालांकि बीच-बीच में ट्रिपिंग लगातार जारी है।
12 घंटे ठप रही विद्युत आपूर्ति, 143 गांव अंधेरे में डूबे
रविवार शाम आंधी के चलते विद्युत उपकेंद्र रसूलाबाद के अंतर्गत तीनों फीडर पर विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। जगह जगह पोल से तार टूट गए, जिसके चलते 143 गांव के लोग अंधेरे में रात गुजारने को विवश हुए। रात भर लोगों को बिजली का इंतजार करना पड़ा। ऐमी आलापुर हरिशंकर तिवारी, राजेश चौबे, संजय दूबे ,रामदुलार निषाद बताते हैं कि शाम ही तेज आंधी आई थी। उसके बाद रात भर बिजली नहीं आई। रसूलाबाद के मुन्ना दुबे, खानपुर के अजय तिवारी,डब्बू तिवारी बताते हैं कि आंधी आने के बाद से बिजली गायब हो गई जो सोमवार सुबह 11 बजे आई। विद्युत उप केंद्र रसूलाबाद के अवर अभियंता राकेश प्रसाद ने बताया कि आंधी के चलते तमाम पोल से तार टूट गए थे, जिसे सुबह से कर्मचारियों को लगाकर ठीक किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रात: 9 बजे तक लाइन ठीक हो गई थी।
