Bareilly: चुनाव आयोग का इशारा है... समर्थकों को बढ़िया ही खिलाएं उम्मीदवार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उम्मीदवारों के खर्च की दरें तय, सात रुपये की चाय और आठ रुपये का समोसा, लड्डू के साथ खाने का पैकेट 50 रुपये का

बरेली, अमृत विचार। चुनाव आयोग के निर्देश पर निकाय चुनाव के चुनाव खर्च की जो दरें तय की गई हैं, अगर उम्मीदवारों ने उसी के हिसाब से खाने-पीने पर खर्च किया तब भी उनके समर्थकों को बढ़िया ही खाने को मिलेगा। खाने-पीने के अलावा टेंट, फूल-माला, रहने-ठहरने और किराए की गाड़ियों का भी खर्च तय किया गया है। खर्च पर निगरानी के लिए जिला स्तरीय कमेटी भी बनाई गई है।

नामांकन प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो गई है। अब नामांकन पत्रों की जांच के साथ निर्दलीय उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न का आवंटन होना है और उसके बाद जनसंपर्क और चुनाव प्रचार शुरू हो जाएगा। निर्वाचन आयोग मेयर प्रत्याशी के लिए 40 लाख, पार्षद के लिए 3 लाख, नगर पालिका अध्यक्ष प्रत्याशी के लिए 12 और सदस्य के लिए 2 लाख, नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए ढाई लाख और सदस्य के लिए 50 हजार रुपये का अधिकतम चुनावी खर्च निर्धारित कर चुका है। अब डीएम की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कमेटी ने खर्च की दरें भी तय कर दी हैं।

इन दरों के मुताबिक उम्मीदवार अपने समर्थकों को जो समोसा खिलाएंगे, वह आठ रुपये और चाय सात रुपये की होगी। खाने का एक पैकेट 50 रुपये का होगा, इसमें छह पूड़ी के साथ सूखी सब्जी, हरी मिर्च, अचार और एक बूंदी का लड्डू भी रहेगा। फूल और माला 160 रुपये किलाे की होगी, टेंट के सामान में तेल रहित पांच किलोवाट के जनरेटर का किराया 506 रुपये तय किया गया है। होटल, गेस्ट हाउस के रेट भी तय हुए हैं। 16 सौ रुपये प्रतिदिन के हिसाब से सिंगल बेडरूम और 25 सौ रुपये का डबल बेडरूम होगा। गेस्ट हाउस के कमरे का किराया 800 रुपये तय हुआ है। दो सीट वाले सोफे के लिए सौ रुपये और वीआईपी कुर्सी का किराया 10 रुपया होगा।

गाड़ियों का किराया भी तय, तेल का खर्च अलग से
बोलेरो, टाटा सूमो, क्वालिस का प्रतिदिन किराया 15 सौ होगा। इनोवा, स्कार्पियो, जायलो 1800, इनोवा क्रिस्टा, एसयूवी 2500, ओमिनी, कार, ईको 1000, अर्टिगा, टीयूवी का भी किराया 15 सौ होगा। ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा नौ सौ, ट्रक एक हजार, ट्रैक्टर-ट्राॅली तीन सौ, ड्राइवर का वेतन 500 रुपये प्रतिदिन तय हुआहै। इसमें तेल की कीमत अलग से जोड़ी जाएगी। पेट्रोल मूल्य 96.42 रुपये, फिल्टर पेट्रोल 102.54 और डीजल 89.60 रुपये लीटर के हिसाब से खर्च में शामिल होगा।

प्रत्याशियों के लिए चुनाव खर्च की दरें तय हो गईं हैं। खर्च पर निगरानी रखी जाएगी। किसी भी कार्यक्रम से पहले प्रत्याशियों को अनुमति लेनी होगी। उड़नदस्तों को सक्रिया किया जाएगा। जनसभाओं की वीडियोग्राफी होगी---नहने राम, अतिरिक्त उप जिला निर्वाचन अधिकारी।

यह भी पढ़ें-  Bareilly: सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की गई जान, मचा कोहराम

संबंधित समाचार