प्रयागराज: लखनऊ के फ्लैट में असद ने युवक की बेल्ट से की थी पिटाई, छोटे सांसद के नाम से बुलाते थे गुर्गे 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बंधक बनाकर उतरवा दिए थे कपड़े, 19 जनवरी 2021 की बताई जा रही है घटना

प्रयागराज, अमृत विचार। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें अतीक का बेटा असद एक युवक को बेल्ट से बुरी तरह पीटता नजर आ रहा है। बताया जा रहा कि ये वीडियो असद के लखनऊ स्थित फ्लैट का है और ये घटना 19 जनवरी 2021 की है। तब असद लखनऊ में ही रहकर पढ़ाई करता था। फिलहाल उमेशपाल हत्याकांड के बाद फ़रार चल रहे असद का एनकाउंटर किया जा चुका है।
     
बता दें कि माफिया अतीक के बेटे असद के फोन से उसकी करतूतों के वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं। सोमवार को भी एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें वह एक फ्लैट में कुछ लोगों के साथ एक युवक की बेल्ट से पिटाई करता दिखाई दे रहा है। युवक के शरीर से कपड़े उतरवाकर उसे पीटा गया हैं। उसे लात घूंसों से मारा गया। 
 
एनकाउंटर के बाद असद का फोन एसटीएफ के कब्जे में है। इंस्पेक्टर धूमनगंज राजेश कुमार मौर्य का कहना है कि असद के तमाम वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की जांच कर रही हैं। जिस युवक पीटा जा रहा है, उसका पता लगाया जा रहा है।

वीडियो में असद हाथ में बेल्ट लिए खड़ा है। वहीं उसके साथी पीड़ित युवक को पीट रहे हैं। इसी बीच असद एक युवक के साथ कमरे से बाहर चला जाता है। फिर कुछ देर बाद वापस आ जाता है। वहीं, कमरे में मौजूद उसका साथी पीड़ित युवक को लात से मारता है और उसकी पैंट खींच लेता है। असद के अलावा अतीक के दूसरे नंबर के बेटे अली का साथी सैफ माया भी इस वीडियो में दिख रहा है। 


विदेश जाना चाहता था असद, नही बना पासपोर्ट
असद ने लखनऊ के एक नामी कॉलेज से 12वीं की परीक्षा पास की थी। वह पढ़ाई में काफी ठीक था। उसने आगे बैरिस्टर बनना चाहता था। इसके लिए वह विदेश जाना चाहता था, लेकिन पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और उसके दोनों बड़े भाइयों के आपराधिक रिकॉर्ड के चलते उसका पासपोर्ट क्लियर नहीं हो सका था।

असद को बुलाते थे छोटे सांसद
स्कूल के समय से ही असद अपने पिता अतीक अहमद के नक्शेकदम पर चल रहा था। अतीक अहमद पांच बार प्रयागराज के शहर पश्चिमी से विधायक रहने के बाद साल 2004 में फूलपुर संसदीय क्षेत्र से अपना दल से सांसद बना था। इसके बाद से लोग उसे 'सांसद जी' कहने लगे थे। असद को अतीक के उत्तराधिकारी मानते थे। इसीलिए उसके गिरोह के लोग उसे 'छोटे सांसद' के नाम से बुलाते थे। जब असद 10 साल का था, तब उसने पिता अतीक के कहने पर पहली बार फायरिंग की थी। फायरिंग का वीडियो भी सामने आया था।

बताते चलें कि रविवार को बरेली जेल से असद का वीडियो सामने आया था। जिसमें असद चाचा अशरफ से मुलाकात के लिए 11 फरवरी को गुड्डू मुस्लिम के साथ बरेली सेंट्रल जेल पहुंचा था। इस मुलाकात के 13 दिन बाद 24 फरवरी को प्रयागराज में उमेश पाल की हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। जेल के सीसीटीवी में उमेश हत्याकांड में शामिल 6 आरोपी नजर आ रहे हैं, जो अशरफ से मिले थे और मर्डर का प्लान बनाया था। इस दिन 9 लोगों ने अतीक के भाई अशरफ से मुलाकात की थी। वीडियो फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

ये भी पढ़ें - लखनऊ में अखिलेश से मिले नीतीश कुमार, कहा- हमें नेता नहीं बनना, भाजपा के खिलाफ सबको करेंगे एकजुट
   

संबंधित समाचार