शाहजहांपुरः रहस्यमयी बुखार से मां-बेटी की मौत, गांव में दहशत
शाहजहांपुर, अमृत विचार। रहस्यमयी बुखार ने गांव छतैनी में मां-बेटी की जान ले ली। इस घटना से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना पर गांव पहुंची टीम ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं। गांव में दवा का छिड़काव भी कराया गया। निगोही क्षेत्र के गांव छतेनी निवासी शमशुल की 13 वर्षीय …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। रहस्यमयी बुखार ने गांव छतैनी में मां-बेटी की जान ले ली। इस घटना से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना पर गांव पहुंची टीम ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं। गांव में दवा का छिड़काव भी कराया गया।
निगोही क्षेत्र के गांव छतेनी निवासी शमशुल की 13 वर्षीय बेटी जोया और पत्नी शाहिदा को तीन दिन से बुखार आ रहा था। मां-बेटी का गांव के ही एक झोलाछाप के पास इलाज चल रहा था। शुक्रवार देर रात जोया की तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई। शमशुल बेटी को लेकर निगोही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही बेटी ने दम तोड़ दिया।
पिता बेटी का शव लेकर घर पहुंचा तो वहां कुछ देर बाद शाहिदा की भी तबीयत बिगड़ने लगी। रात अधिक होने के कारण परिजन उसे अस्पताल नहीं ले जा पाए। शनिवार सुबह शाहिदा को लेकर मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे। निगोही पहुंचते ही शाहिदा ने भी दम तोड़ दिया। मां बेटी की मौत होने से गांव में सन्नाटा पसर गया।
ग्रामीणों ने मामले की जानकारी चिकित्साधिकारी डॉ. नितिन चैधरी को दी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की दो टीम गांव भेजी गई। जहां ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के साथ ही एंटीजन किट से कोरोना टेस्ट भी कराया। मामूली बीमार लोगों को दवाइयां भी वितरित की गईं।
“छतैनी गांव में मां-बेटी की मौत की जानकारी मिली है। सीएचसी प्रभारी से पता चला है कि मां-बेटी को पेट दर्द, उल्टी और बुखार की शिकायत थी। गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम को भेजा गया है। ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। सभी तरह की जांच कराईं गईं हैं। स्लाइड के लिए सैंपल भी लिया गया है। वहीं ढकिया तिवारी गांव में भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है। दवा का छिड़काव भी कराया गया है।” -डॉ. एसपी गौतम, सीएमओ
