बहराइच: कल मन की बात के 100वें कार्यक्रम में सम्मानित होंगे बीडीओ महसी, जानें वजह
बहराइच, अमृत विचार। 30 अप्रैल को प्रधानमंत्री के मन की बात के 100वें कार्यक्रम पर खंड विकास अधिकारी महसी को सम्मानित किया जाएगा। गृह मंत्री की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए खंड विकास अधिकारी को प्रसार भारती की ओर से बुलावा पत्र भेजा गया है। इसको लेकर साथी अधिकारियों में हर्ष है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मन की बात करते हैं। मन की बात का 100 वा एपिसोड 30 अप्रैल को प्रसारित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देश के गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। 26 अप्रैल को दिल्ली में विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर देश के 20 चुनिंदा लोगों को सम्मानित किया जायेगा।
इन 20 लोगों में जनपद के महसी विकास खंड में तैनात खंड विकास अधिकारी हेमंत कुमार यादव भी शामिल हैं। इसके लिए बीडीओ को प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आईएएस गौरव द्विवेदी की ओर से बुलावा पत्र भेजा गया है। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि 25 अप्रैल से 30 अप्रैल तक आयोजित मन की बात कार्यक्रम में कर्तव्य पथ, राष्ट्रपति भवन, पीएम संग्रहालय, लाल किला, योगा सत्र, महात्मा गांधी संग्रहालय एपिसोड की स्क्रीनिंग में बीडीओ शामिल होंगे।
खंड विकास अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बात करते हुए बताया कि बाराबंकी जिले में 2 वर्ष पूर्व तैनाती के दौरान कल्याणी नदी के पुनरुद्धार किया गया था। साथ ही कोरोना काल में परदेस लौटे श्रमिकों को मनरेगा योजना से जोड़कर रोजगार की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए गए थे। जिसके चलते सरकार की ओर से उन्हें डिजिटल मैन भी बनाया गया था।
प्रधानमंत्री कर चुके हैं सराहना
जनपद के विकास खंड महसी में तैनात खंड विकास अधिकारी हेमंत कुमार यादव की प्रशंसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं। बीडीओ ने बताया कि 28 जून 2020 को आयोजित मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने उनके कार्य की सराहना की थी जिसका प्रसारण रेडियो पर किया गया था।
यह भी पढ़ें:-UP Board 10th Result 2023: हाईस्कूल में प्रियांशी सोनी तो इंटर में महोबा की शुभ छापरा बनीं टॉपर
