CM Yogi In Unnao: सीएम योगी बोले- प्रधानमंत्री मोदी का विजन, UP का मिशन, प्रदेश में अब उपद्रव नहीं उत्सव होते

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचें उन्नाव।

निकाय चुनाव को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ मंगलवार को उन्नाव पहुंचे। यहां वह रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगे।

उन्नाव, [प्रकाश तिवारी]। उन्नाव में सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जो विजन है वही यूपी का मिशन है। भाजपा सरकार आमजन व किसानों के हित में काम कर रही है। प्रदेश में भय का माहौल नहीं है। सन-2017 से पहले कोई भी त्योहार शांतिपूर्वक नहीं मनाए जाते थे। नौजवानों को नौकरी नहीं मिलती थी और किसान को कोई सम्मान नहीं था। आज शहर से लेकर गावों तक चोरों का आंतक नहीं है। पहले महिलाएं, नौजवान व व्यापारी अपनी सुरक्षा को लेकर भयभीत रहते थे। घरों से नहीं निकलते थे। प्रदेश में माफिया राज था। आज माफियाओं की कमर टूट चुकी है। सीएम ने आमजन से डबल इंजन की सरकार में ट्रिपल इंजन में बदलने की अपील की। 

CM Unnao

सीएम ने कहा कि प्रदेश में अब माफिया, अपराधी व भ्रष्टाचारियों के लिए कोई जगह नहीं बची है। जनता को याद कराया कि सन-2014 से पहले कहीं भी आतंकी हमले और दंगे हो जाते थे। दुकाने शाम को ही बंद हो जाती थीं। लेकिन, अब प्रदेश में बदलाव आया है। दुकानें रात भर खुली रहती हैं। अब उत्तर प्रदेश में दंगे नहीं होते हैं। इसी दौरान सीएम ने कहा कि अब प्रदेश में ‘नो कर्फ्यू नो दंगा-यूपी में सब चंगा’। इसके अलावा विपक्षियों को चुनौती देते हुए कहा कि ‘रंगदारी न फिरौती, यूपी किसी की नहीं बपौती’। कहा कि आज अयोध्या का दीपोत्सव, बनारस का महोत्सव और काशी का रंगोत्सव यूपी की नई पहचान बने हैं। प्रदेश में विकास तेजी से हो रहा है। गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इसके बनते ही सभी लोग छह घंटे में दिल्ली और दो घंटे में प्रयागराज पहुंच सकेंगे। उन्नाव को लेकर कहा कि यहां के लिये 359 परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। विकास की इन योजनाओं में कोई भेदभाव नहीं किया गया है।

प्रदेश में अब उपद्रव नहीं उत्सव होते हैं- मुख्यमंत्री 

उन्नाव में निकाय चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभा करने आए सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष का नाम तो नहीं लिया लेकिन सभी पर चुन-चुन कर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सन-2017 के पहले प्रदेश की छवि बीमार प्रदेश की थी। दंगा व उपद्रव यहां की पहचान थे। लेकिन सूबे में भाजपा की सरकार बनने के बाद उपद्रव नहीं उत्सव होते है। उन्होंने अयोध्या में दीपावली पर्व पर होने वाले दीपोत्सव का जिक्र किया। साथ ही कहा कि अब कांवड़ यात्राएं धूमधाम से निकलती हैं। धार्मिक यात्राओं में पत्थर के स्थान पर हेलीकाप्टर से फूल बरसते हैं। किसी का साहस नहीं जो उपद्रव करके बच जाए। सीएम ने सरकार द्वारा प्रदेश के अन्य धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों में कराए गए विकास कार्य गिनाते हुए जिले में बक्सर स्थित शक्तिपीठ चंद्रिका देवी मंदिर में हुए सुंदरीकरण व पौराणिक तीर्थस्थल जानकी कुंड परियर का भी नाम लिया। सीएम ने कहा कि उन्नाव कलम और तलवार की धनी धरती है। यहां अमर शहीद चंद्र शेखर आजाद, राजाराव रामबक्स सिंह जैसे क्रांतिकारियों व सूर्यकांत त्रिपाठी निराला, प्रताप नारायण मिश्र आदि साहित्यकारों ने जन्म लिया था। कहा कि यहां आकर वह खुद को गौरांवित महसूस करते है।

 

संबंधित समाचार