अयोध्या : 25 दिन में 4 केंद्रों पर महज 74 कुंतल गेहूं खरीद, जिम्मेदार बोले- नहीं आ रहे हैं किसान
पूराबाजार/ अयोध्या, अमृत विचार। गेहूं खरीद का क्या हाल है इसकी बानगी के लिए पूराबाजार क्षेत्र में बनाए गए क्रय केन्द्र ही काफी हैं। यहां 25 दिन में चार गेहूं क्रय केंद्रों पर मात्र 74 कुंटल गेंहू की खरीद अब तक हुई है। साफ जाहिर है कि गेहूं क्रय केंद्रों से किसानों का मोह लगभग भंग हो चुका है।
क्रय केंद्रों पर सरकारी रेट 2125 के अपेक्षाकृत बाजारों में 2100 में नगद गेहूं किसान के घर से बिक रहा है और नगद पैसा मिल जा रहा है। विकासखंड पूरा बाजार में साधन सहकारी समिति द्वारा तीन मार्केटिंग विभाग द्वारा एक गेहूं क्रय केंद्र खोला गया है, जिसमें साधन सहकारी समिति रसूलाबाद क्रय केंद्र पर खरीद अभी शून्य है। साधन सहकारी समिति पूरा बाजार क्रय केंद्र पर 2 किसानों का 53 कुंतल गेहूं खरीदा गया है। दर्शन नगर क्रय केंद्र पर एक 21कुंतल की खरीद हुई है। आशापुर चंदई के किसान सूरज मिश्रा, गजेंद्र पाठक, महेश तिवारी, राजेंद्र तिवारी व संजय तिवारी कहते हैं कि जब बाजार में 2100 रुपये कुंतल नगद गेहूं बिक जा रहा है तो सरकारी क्रय केंद्र पर बेचने का क्या मतलब है।
वहीं इस बारे में साधन सहकारी समिति रसूलाबाद के सचिव दयाशंकर यादव ने बताया कि खरीद बिल्कुल धीमी है। किसान आ ही नहीं रहे हैं। लक्ष्य तो दूर इस बार दिखाने के लिए भी खरीद नहीं हुई है। एडीओ कोआपरेटिव पूरा बाजार संजय सिंह ने बताया कि लगातार किसानों से सम्पर्क किया जा रहा है लेकिन खरीद की स्थिति ठीक नहीं हो रही है।
ये भी पढ़ें - रायबरेली में बोले सीएम योगी - यूपी में गरीब-व्यापारी सिर उठाकर और अपराधी गले में तख्ती टांगकर घूमते हैं
