Farrukhabad Accident News : बाइकों की भिड़ंत में दो की मौत, परिजनों में मची चीख-पुकार, घर में एक मई को थी शादी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद में बाइकों की भिड़ंत में दो की मौत।

फर्रुखाबाद में बाइकों की भिड़ंत में दो की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। शादी वाले घर में मातम छा गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। जहानगंज कसबा के निकट पेट्रोल पंप के सामने दो बाइकों की आमने सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दोनों बाइक चालकों की मौत हो गई। एक बाइक चालक अपनी पुत्री की शादी के कार्ड बांटकर कन्नौज घर जा रहा था। घटना की जानकारी से उसके शादी वाले घर में मातम छा गया। पुलिस ने दोनों के शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

जहानगंज थाना क्षत्र के गांव राजेपुर टप्पामंडल के मजरा नगला रूप निवासी 20 वर्षीय कौशल उर्फ छंगेलाल मंगलवार सुबह बीमार मां अमरा देवी को दवा दिलाने बाइक से जहानगंज कसबा जा रहा था। पेट्रोल पंप के सामने उसकी बाइक की भिड़ंत कन्नौज के थाना विशुनगढ़ के गांव सरैया निवासी 45 वर्षीय बबलू सक्सेना की बाइक से हो गई। दोनों बाइकों के भिड़ने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ कर मौके पर आए। बाइक चालक कौशल और दूसरी बाइक चालक बबलू सक्सेना गंभीर और अमरादेवी घायल हो गई।

घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को सीएचसी कमालगंज भेजा। वहां डाक्टर ने बाइक चालक बबलू सक्सेना और कौशल उर्फ छंगेलाल को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने से दोनों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। श्रीपाल ने बताया कि कौशल उसका भतीजा था। वह बीमार मां को दवा दिलाने जा रहा था। उसी समय घटना को गई। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव नरायनपुर निवासी अनिल कुमार ने बताया कि बबलू सक्सेना उनका साला था।

साले की पुत्री कोमल की एक मई को शादी है। जिसके कार्ड बांटने साला सोमवार को आया था। रात में घर पर रूका और मंगलवार सुबह कार्ड बांटने के बाद बाइक से घर जा रहा था। जहानगंज क्षेत्र में उसकी बाइक सामने से आ रही बाइक में भिड़ गई। इससे साले की मौत हो गई। पत्नी पूनम व परिवार के अन्य लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। शादी वाले घर में मातम छा गया है।

संबंधित समाचार