शाहजहांपुर: यूपी बोर्ड का रिजल्ट घोषित होते ही खुशी से उछल पड़े बच्चे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा मंगलवार को घोषित कर दिया गया। परीक्षाफल समय से पहले घोषित किए जाने को लेकर पहले तो छात्र-छात्राएं घबराए हुए दिखे, लेकिन रिजल्ट सामने आने पर उनकी खुशी देखते ही बनती थी। रिजल्ट की स्थिति स्पष्ट होने पर छात्र-छात्राएं खुशी से उछल पड़ते थे। वहीं, कुछ छात्राएं भावुक भी हुईं, जिन्हें शिक्षिकाओं ने बड़ी मुश्किल से समझाकर उनके आंसू पोछे और बाद में मिठाई खिलाकर उन्हें गले से लगा लिया।

मंगलवार को यूपी बोर्ड से संचालित माध्यमिक कालेजों का माहौल कुछ अलग था। दोपहर तक शिक्षण कार्य कराया जाता रहा। इसके बाद डेढ़ बजते ही लैब में ऑपरेटर्स ने कंप्यूटर पर परिषद की मेल खोलनी शुरू कर रिजल्ट देखने का काम शुरू कर दिया। एक-एक बच्चे का रिजल्ट सामने आता जा रहा था और खुशियां मनाने का सिलसिला भी तेज होता जा रहा था।

पहले हाईस्कूल का परीक्षाफल घोषित कर अपलोड किया गया, करीब डेढ़-दो घंटे बाद इंटर का भी रिजल्ट आ गया। इस दौरान कुछ प्रधानाचार्यों ने इंटर परीक्षा के विद्यार्थियों को भी बुला लिया था। हालांकि उनकी संख्या कम ही थी। क्यों कि इंटर वाले सभी बच्चे उच्च शिक्षा के लिए गैर जनपदों में जा चुके हैं, जो शहर में ही थे, वही आ सके।

रिजल्ट देखने के खुशी और घबराहट बच्चों में साफ देखी जा सकती थी। टेबिल पर मिठाई के डिब्बे भी आ चुके थे। प्रधानाचार्यों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सभी को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इसके बाद उत्तीर्ण हुए छात्र-छात्राओं ने कालेज परिसरों में जमकर खुशियां मनाईं। सभी बच्चे एक-दूसरे को गले लगाकर और हाथ मिलाकर बधाई दे रहे थे।

यह भी पढ़ें- बरेली: कांग्रेस प्रत्याशी ने लगाया आरोप, बोले- चुनाव न लड़ने की धमकी दी जा रही है मुझे

संबंधित समाचार