बरेली: पीओएस मशीन से बंटवाएं यूरिया, कालाबाजारी पर दर्ज कराएं मुकदमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। यूरिया उर्वरक की कालाबाजारी होने की शिकायतें को शासन ने गंभीरता से लिया है। कालाबाजारी/जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए यूरिया उर्वरक को शत प्रतिशत पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीन से बंटवाने के निर्देश जारी किए हैं। अपर मुख्य सचिव डा.देवेश चतुर्वेदी ने सभी मंडलायुक्त और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कालाबाजारी …

बरेली,अमृत विचार। यूरिया उर्वरक की कालाबाजारी होने की शिकायतें को शासन ने गंभीरता से लिया है। कालाबाजारी/जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए यूरिया उर्वरक को शत प्रतिशत पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीन से बंटवाने के निर्देश जारी किए हैं।

अपर मुख्य सचिव डा.देवेश चतुर्वेदी ने सभी मंडलायुक्त और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कालाबाजारी में पकड़े जाने वाले किसान व उर्वरक विक्रेताओं के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्यवाही करें। जो उर्वरक विक्रेता यूरिया संग अन्य उत्पादों को बेवजह किसानों को थमाकर मोटी रकम ऐंठ रहे हैं, उनके खिलाफ भी शिकंजा कसें। चिट्ठी यहां कलेक्ट्रेट भी पहुंच गई है। अधिकारी इसी व्यवस्था से यूरिया बंटवाने की तैयारी कर रहे हैं।

कोविड काल में अधिक मुनाफा कमाने के लिए सिस्टम से साठगांठ कर यूरिया की जमकर कालाबाजारी की जा रही है। यूरिया बेचने की आड़ में उर्वरक विक्रेता किसानों को अन्य उत्पाद भी थमाकर मोटी रकम ऐंठ रहे हैं। कुछ किसानों ने शासन के हेल्पलाइन नंबरों पर यूरिया के साथ अन्य उत्पादों की टैगिंग करने की शिकायतें की है। जिसमें शासन ने गंभीरता दिखाई है।

अपर मुख्य सचिव डा.देवेश चतुर्वेदी ने 21 अगस्त को चिट्ठी जारी कर अफसरों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को उर्वरकों की उचित गुणवत्ता का सही दाम उपलब्ध कराएं। सहकारिता, अन्य सहकारी एजेंसी व निजी क्षेत्र के विक्रेता पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए उर्वरक को बंटवाएं। उर्वरकों के क्रेता (किसान) का विवरण कैश रसीद पर अनिवार्य रूप से अंकित कराएं।

पहचान विवरण के तहत राशन कार्ड, जोतबही, निर्वाचन पहचान पत्र, बैंक पासबुक अथवा इसी प्रकार के अन्य अभिलेख देखें। ताकि किसान की पहचान की जा सके। उर्वरकों की बिक्री व उपलब्धता की समीक्षा कृषि विभाग और राजस्व विभाग से कराएं। निर्देश दिए हैं कि जहां पर कालाबाजारी होने की शिकायत मिले, वहां पर क्षेत्रीय अधिकारियों की निगरानी में उर्वरक बंटवाएं।

शासन ने माना मांग बढ़ने पर कालाबाजारी बढ़ी
अपर मुख्य सचिव ने चिट्ठी में कहा है कि शासन ने माना है कि उर्वरक की मांग बढ़ने पर ही कालाबाजारी भी बढ़ी है। हर जनपद में इस बार अच्छी बारिश हुई है। इस कारण खरीफ फसलों में यूरिया उर्वरक की टॉप ड्रेसिंग का कार्य तेजी से शुरू हुआ है। इसकी वजह से यूरिया उर्वरक की मांग एकाएक बढ़ गई है।

संबंधित समाचार