अशरफ समेत शूटरों का रिकार्ड लेने प्रयागराज पहुंची बरेली पुलिस
बिथरी चैनपुर में दर्ज मुकदमे में से पुलिस हटाएगी सभी का नाम
बरेली, अमृत विचार। माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ से जिला जेल बरेली में अवैध मुलाकात मामले में बिथरी चैनपुर में दर्ज मुकदमे में से नाम हटाने के लिए बरेली पुलिस प्रयागराज पहुंची है। जहां से माफिया अशरफ समेत पुलिस मुठभेड़ में मारे जा चुके शूटरों का रिकार्ड लेकर बरेली वापस आएगी। जिसके बाद मुकदमे में से इन सभी का नाम हटाया जाएगा।
उमेशपाल समेत तीन लोगों को गोलियों से भूनने की साजिश बरेली जिला जेल में रची गई थी। माफिया अतीक के भाई अशरफ ने अपने भतीजे असद अहमद समेत हत्याकांड में शामिल शूटरों से अवैध तरीके से जेल में मुलाकात की थी।
हत्याकांड के खुलासे के बाद बिथरी चैनपुर पुलिस ने अशरफ, साले सद्दाम, गुर्गा लल्ला गद्दी समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। जेल में मुलाकात के दौरान वीडियो वायरल होने के बाद असद और शूटरों समेत नौ लोगों का नाम मुकदमे में शामिल किया गया था। जिसमें से अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
जबकि असद, शूटर गुलाम और विजय चौधरी एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं। पूरे प्रकरण की जांच कर रही एसआईटी की टीम केस के विवेचक सीओ तृतीय आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रयागराज पहुंच गई है। जहां पर सभी के पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत हत्याकांड से जुड़े अन्य कागजात लेकर आएगी। इन सभी के रिकार्ड को कोर्ट में पेश करने के बाद मुकदमे में से सभी का नाम हटाएगी।
यह भी पढ़ें- Bareilly: मछली पालन को बढ़ावा, सरकार देगी सहायता राशि
