बांदा DM ने टॉप टेन मेधावियों को किया सम्मानित, कहा- लक्ष्य निर्धारित कर शुरू करें अध्यन
बांदा , अमृत विचार। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की इण्टरमीडिएट एवं हाईस्कूल की परीक्षा में यूपी और जिला स्तर पर टाॅप-10 स्थान प्राप्त करने वाले छात्र/छात्राओं को सम्मानित किया गया । उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता जिन्दगी भर उनके माता-पिता को गरिमा का अवसर प्रदान करेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि उनकी मेहनत, योग्यता एवं समझदारी में कोई कमी नही है, अब यह सही समय है जब वह आगे बढने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर दृढ़संकल्प के साथ अध्ययन करें, जिससे उन्हें सफलता अवश्य मिलेगी। उन्होंने कहा कि वह अपने माता-पिता तथा गुरूओं को उच्च शिखर पर पहुंचने के बाद भी सदैव याद रखते हुए उनका सम्मान करते रहें। उन्होंने कहा कि अपना कुछ समय निकालकर गरीब बच्चों की मदद अवश्य करे। उन्होंने जनपद में इण्टर मीडिएट परीक्षा में प्रथम स्थान और यूपी में छठवां स्थान प्राप्त करनेे पर अनुराधा गुप्ता, यूपी में दसवां और जनपद में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर कृष्ण विवेक, सौरभ सिंह, नंदनी गुप्ता तथा तृृतीय स्थान प्राप्त करने पर रूचि सिंह सहित सभी टाॅप-10 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।

हाई स्कूल परीक्षा में जनपद में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त करने पर अंतरा गुप्ता एवं आंचल, द्वितीय प्रद्युम्न कुमार, तृतीय राज चक्रवर्ती, कमलेश कुमार तथा अनुष्का गुप्ता को सम्मानित किया। इसके साथ ही हाई स्कूल की परीक्षा में टाॅप-10 छात्र/छात्राओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी उमाकान्त त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक विजय पाल सिंह सहित मेधावी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावक तथा शिक्षक गण उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : 12वीं की मेधावी छात्रा को किया सम्मानित
