प्रयागराज: अतीक के ससुर के घर से मिली डायरी, खुलेगा करीबी कारोबारियों का राज
प्रयागराज, अमृत विचार। उमेश पाल हत्याकांड को लेकर लगातार अतीक अहमद के करीबियों पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस सूत्रों की माने तो, अतीक अहमद के ससुर के घर पर हुई छापेमारी के दौरान पुलिस को एक डायरी मिली है, जिसमें अतीक के कई करीबियों और मददगारों के नाम दर्ज हैं। इस डायरी में अतीक अहमद और अशरफ के पांच राज्यों में फैले कारोबार की फेहरिस्त शामिल है।
मिली जानकारी के अनुसार अतीक के ससुर के घर पर गुरुवार को हुई छापेमारी में मिली डायरी में कौशांबी के ग्राम बिरमपुर में दो भाइयों इमरान और जीशान, मोहम्मद मुस्लिम व कौशांबी के कई अन्य लोगों के साथ एलिना सिटी फेज-1, फेज-2, ग्राम बक्सी व दामपुर में अहमद सिटी, सैदपुर बक्सी में असाद सिटी, रावतपुर में साई बिहार योजना, सैदपुर में सैदपुर ग्राम योजना, सैदपुर करेहदा में सैदपुर आवास योजना, करेली के लखनपुर में लखनपुर आवास योजना में करीब एक हजार बीघा से ऊपर जमीन पर तमाम प्रोजेक्ट से जुड़े लेन देन का भी जिक्र है।
इस बेहद महत्वपूर्ण डायरी में रियल स्टेट और होटल के कारोबार से जुड़े अतीक के करीबियों का भी जिक्र है। इतना नहीं इस डायरी में गुजरात, राजस्थान, मुंबई, एमपी और दिल्ली में मौजूद बेनामी कंपनियों का भी जिक्र है। जिन फर्जी कंपनियों के सहारे पूरा साम्राज्य खड़ा किया गया, उन कंपनियों का भी डायरी में जिक्र है। प्रयागराज पुलिस को मिली इस डायरी में सेल कंपनियों से करोड़ों के लेन-देन की भी तमाम जानकारियां हैं।
सूत्रों की माने तो, डायरी में अतीक के सभी करीबियों के फोन नंबर भी मौजूद है। वहीं सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने अतीक के साले जकी अहमद का आधार कार्ड भी बरामद किया है। अब प्रयागराज पुलिस इन करीबियों, फाइनेंसर और शागिर्दों की जांच कर रही है और उसके बाद इन पर कार्रवाई का दौर शुरू होगा।
ये भी पढ़ें - अमेठी: पूर्व कार्यकर्ता को बीजेपी की बी टीम बताकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीटा
