बरेली: निकाय चुनाव में 217 ने छोड़ा मैदान...अब 2459 के बीच होगा घमासान
बरेली, अमृत विचार। नामांकन वापस लेने के बाद मेयर के साथ जिले भर की नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। बृहस्पतिवार को निकायों के विभिन्न पदों के लिए नामांकन कराने वाले 217 दावेदारों ने चुनाव मैदान से अपने कदम पीछे खींच लिए। अब 2459 उम्मीदवार बचे हैं जिनके बीच चुनावी घमासान होना बाकी रह गया है।
जिले में दूसरे चरण में होने वाले निकाय चुनाव के लिए 17 अप्रैल से नामांकन पत्र खरीदने और दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। 24 अप्रैल तक चली इस प्रक्रिया में मेयर पद के लिए 15, पार्षदों के लिए 568, अध्यक्ष नगर पालिका के 60, सभासद के 712, अध्यक्ष नगर पंचायत के 238 और सभासद पद के लिए 1109 दावेदारों ने पर्चे दाखिल किए थे। इसके बाद 25 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच हुई, इसमें मेयर पद के लिए कोई नामांकन खारिज नहीं हुआ। बाकी पदों के लिए दाखिल किए गए तमाम पर्चे जरूर खारिज हुए।
बृहस्पतिवार को नाम वापस लेने वाले 217 उम्मीदवारों में मेयर पद के दो, पार्षद के 41 और नगर पालिका अध्यक्ष पद के चार दावेदार शामिल हैं। फरीदपुर नगर पालिका से तीन, बहेड़ी से एक नामांकन पत्र वापस हुआ है। नगर पालिका सदस्य पद के 52 उम्मीदवार पीछे हट गए हैं। इनमें नवाबगंज से चार, फरीदपुर से 24, बहेड़ी से 10 और आंवला से 14 लोग शामिल हैं। इसी तरह नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए रिठौरा से एक, धौराटांडा से दो, फतेहगंज पूर्वी से दो, देवरनियां से तीन, शेरगढ़ से दो, बिशारतगंज से आठ, मीरगंज से तीन, फतेहगंज पश्चिमी से दो और शाही से दो पर्चे वापस हुए हैं।
नगर पंचायत के सभासद पद के लिए ठिरिया निजावत खां से दो, रिठौरा से 11, धौराटांडा से 10, सेंथल से एक, फतेहगंज पूर्वी से दो, फरीदपुर से पांच, रिछा से 10, देवरनियां से चार, शेरगढ़ से छह, बिशारतगंज से 20, सिरौली से पांच, मीरगंज से 14 और फतेहगंज पश्विमी से तीन नामांकन पत्र वापस हो गए हैं।
कल बांटे जाएंगे चुनाव चिह्न, जोर पकड़ेगा प्रचार
नामांकन वापसी के बाद शुक्रवार को चुनावी मैदान में बाकी बचे उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न वितरित किए जाएंगे। तय प्रक्रिया के तहत सबसे पहले मान्यता प्राप्त दलों को चुनाव चिह्न मिलेंगे। इसके बाद गैर मान्यता प्राप्त, तात्कालिक पंजीकृत दलों और फिर निर्दलीय उम्मीदवारों को। माना जा रहा है चुनाव चिह्न मिलने के बाद चुनाव प्रचार भी जोर पकड़ेगा।
मेयर पद के लिए अब ये उम्मीदवार मैदान में
भाजपा से उमेश गौतम, सपा समर्थित डाॅ. आईएस तोमर, कांग्रेस से डॉ. केबी त्रिपाठी, बसपा से यूसुफ खान, आप से भूपेंद्र कुमार मौर्य, एआईएमआईएम से मो. सरताज, निर्दलीय उम्मीदवार इरशाद अली, नरेश कुमार, बनवारी लाल, रहीस मियां, राकेश बाबू कश्यप, शाकिर अली अल्वी और संजय।
ये भी पढे़ं- बरेली: ताइवान के नेशनल फार्मोसा विश्वविद्यालय से रुविवि ने किया एमओयू
