निकाय चुनाव से पहले शिवपाल के करीबी अजय त्रिपाठी अपने समर्थकों के साथ भाजपा में हुए शामिल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले महीने दो चरणों में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव से पहले शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व प्रदेश सचिव अजय त्रिपाठी मुन्ना अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये। वहीं कई अन्‍य प्रमुख संगठनों के लोगों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा द्वारा जारी एक बयान के अनुसार पार्टी के राज्य मुख्यालय में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक की उपस्थिति में सपा के पूर्व प्रदेश सचिव एवं प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के पूर्व प्रमुख प्रदेश महासचिव अजय त्रिपाठी मुन्ना ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर अन्‍य नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ली।

बृजेश पाठक ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा गरीब कल्याण के लिये किये जा रहे कार्यों का परिणाम है कि आज बड़ी संख्या में विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों के लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि नगर निकाय चुनाव में पूरे प्रदेश में भाजपा के पक्ष में लहर चल रही है और विपक्ष के नेता हताश और निराश हैं। 

बयान के अनुसार समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य सुमन सिंह, बार एसोसिएशन (उन्नाव) के अध्यक्ष सतीश कुमार शुक्ला, भारतीय उद्योग किसान व्यापार मण्डल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रितेश गुप्ता, भारतीय उद्योग किसान व्यापार मण्डल के राष्ट्रीय प्रभारी हाफिज जलील अहमद सिद्दीकी, भारतीय उद्योग किसान व्यापार मण्डल के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी ताज खान, किसान यूनियन के मंडल प्रभारी प्रशांत मिश्रा समेत कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

यह भी पढ़ें:-सुप्रीम कोर्ट ने अतीक-अशरफ की हत्या के बाद उठाए गए कदमों पर UP सरकार से मांगी रिपोर्ट

 

संबंधित समाचार