हल्द्वानी: चहेतों की दुकान बंद होने से बौखलाया सफेदपोश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रोडवेज स्टेशन में दुकान खुलवाने के लिए अधिकारियों पर बना रहा दबाव

हल्द्वानी, अमृत विचार। हल्द्वानी के रोडवेज स्टेशन में चहेतों की दुकान बंद होने से जिले का एक सफेदपोश बौखलाया हुआ है। बताया जाता है कि सफेदपोश परिवहन निगम के अधिकारियों पर दबाव बना रहा है, जिससे चहेतों की दुकानें दोबारा खुल सकें।
 

अमृत विचार ने रोडवेज स्टेशन में सरकारी जमीन पर अवैध तरीके से खुली दुकानों के खिलाफ मुहिम चलाई थी। मामला परिवहन निगम के उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आया तो उन्होंने तुरंत दुकानों को हटाने के आदेश जारी कर दिये। जिसके बाद गुरुवार को हल्द्वानी स्टेशन अधिकारियों ने अवैध दुकानदारों को स्वयं दुकानें बंद करने तथा बलपूर्वक कार्यवाही की चेतावनी दी।

अधिकारियों की इस चेतावनी के तुरंत बाद अवैध दुकानदार सामान समेटकर स्टेशन से फरार हो गये।
 चर्चा है कि परिवहन निगम की यह कार्यवाही जनपद के एक सफेदपोश को रास नहीं आई है। चहेतों की दुकान बंद होने से वह बौखला उठा है और निगम अधिकारियों के ऊपर दुकान खुलवाने का दबाव बनाने में जुटा है। इस संबंध में निगम अधिकारी कुछ भी कहने से हिचक रहे हैं।

...तो 60 हजार में हुआ था दुकान खुलवाने का सौदा
रोडवेज स्टेशन में अवैध दुकान खुलवाने के लिए 60 हजार रुपये में सौदा होने की बात सामने आ रही है। चर्चा है कि स्टेशन में अवैध दुकान चला रहे दुकान स्वामी ने स्टेशन में ही दुकान खुलवाने के लिए एक व्यक्ति से 60 हजार रुपये लिये हैं। यह व्यक्ति सफेदपोश का बेहद खासमखास बताया जा रहा है। अपनी बंद हो चुकी अवैध दुकान को खुलवाने के लिए वह सफेदपोश की शरण में पहुंच गया है।

संबंधित समाचार