प्रयागराज : चोरी के शक में दुकानदार ने किशोर को पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। यमुनानगर के नैनी कोतवाली क्षेत्र स्थित कॉटन मिल तिराहे के पास शुक्रवार को एक दुकानदार ने नाबालिग लड़के पर चोरी का आरोप लगाते हुये उसे बीच सड़क पर चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान दुकानदार ने किशोर को लोहे की रॉड से भी पीटा। दुकानदार के इस हरकत को देख राहगीरों की भीड़ जुट गई । लोगो ने विरोध किया और फोटो खींचकर वायरल कर दिया।   

दरअसल, कॉटन मिल तिराहे के पास छेदी साहू की स्टोव, कुकर, चूल्हा रिपेयरिंग की दुकान है। गुरुवार को दुकानदार के पास एक नाबालिग लड़का समान लेने आया था। सामान लेने के बाद जब किशोर घर जाने लगा तो दुकानदार ने उस पर गल्ले से एक हजार रुपए चोरी करने का आरोप लगाते हुए रोक लिया और उसकी तलाशी करने लगा।

उधर से गुजर रहे कुछ लोगों ने देखा कि दुकानदार किशोर को चप्पल से पीट रहा था। राहगीरों ने दुकानदार को रोकने की कोशिश की तो वह और तैश में आ गया और किशोर को लोहे की रॉड से पीटना शुरू कर दिया। लड़के ने दुकानदार से कई बार कहा कि उसने कोई चोरी नहीं की है, लेकिन दुकानदार उसकी बात मानने को तैयार नहीं था। पहले तो उसने तलाशी ली, जब पैसा नहीं मिला तो गुस्सा होकर दुकानदार ने चप्पल उतारकर बीच सड़क पर उसको पीटना शुरू कर दिया। 

इसी बीच मौके पर भीड़ इकट्ठा होने लगी और लोगों ने दुकानदार को फटकार लगाई तब जाकर उसने लड़के को छोड़ा। सोशल मीडिया पर लड़के की पिटाई की फोटो वायरल होने के बाद इंस्पेक्टर नैनी बृजेश सिंह ने बताया कि वायरल फोटो के बारे में पता चला है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि लड़के और उसके परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। किसी ने कोई शिकायत दर्ज नही कराई है।

यह भी पढ़ें : भाजपा के पदाधिकारी सुबह घर पर चाय न पीएं : राधा मोहन

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज