Unnao : कोयला लदी मालगाड़ी में आग लगने से मची अफरा-तफरी, मगरवारा स्टेशन के पास ट्रेन से उठा धुआं, फिर हुआ ये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में कोयला लदी मालगाड़ी में आग लगने से मची अफरा-तफरी।

उन्नाव में कोयला लदी मालगाड़ी में आग लगने से मची अफरा-तफरी। मगरवारा के पास ट्रेन से धुआं उठने की सूचना पर उन्नाव में दमकल ने आग बुझाई।

उन्नाव, अमृत विचार। कानपुर से लखनऊ की ओर जा रही कोयला लदी मालगाड़ी के एक वैगन से मगरवारा स्टेशन के स्टाफ को धुंआ उठता दिखा तो इसकी सूचना उन्नाव स्टेशन को दी गई। जानकारी पर स्टेशन स्टाफ ने दमकल को सूचना देने के साथ ही मालगाड़ी को रोक लिया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। ड्यूटी पूरी होने से मालगाड़ी का स्टाफ चला गया। जिससे ट्रेन स्टेशन पर ही खड़ी रही।  

शुक्रवार देरशाम उन्नाव स्टेशन मास्टर को मगरवारा स्टेशन के स्टाफ ने फोन कर वहां से पास हुई मालगाड़ी के वैगन से धुंआ उठता दिखने की जानकारी दी। इस पर स्टेशन मास्टर ने उच्चाधिकारियों, आरपीएफ व जीआरपी स्टाफ को इसकी सूचना दी। जवानों ने आनन-फानन प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों को वहां से हटाया।

उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मालगाड़ी को प्लेटफार्म नंबर चार पर रोका गया। तब तक हवा के झोंके से धुंआ आग में बदल चुका था। इस पर रेल कर्मियों ने आनन-फानन फायर ब्रिगेड को सूचना दी और एहतियातन ओएचई लाइन बंद की गई। फायरकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

इससे स्टेशन पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस बीच ट्रेन स्टाफ ड्यूटी पूरी होने के कारण मालगाड़ी छोड़कर चला गया। स्टेशन स्टाफ ने बताया कि कानपुर से अगला स्टाफ आकर ट्रेन ले जाएगा।

संबंधित समाचार