Kanpur Dehat Crime : युवकों ने पुलिस टीम पर किया हमला, थाने में पत्थरबाजी, चार सिपाही घायल, पढ़ें- पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में युवकों ने पुलिस टीम पर किया हमला।

कानपुर देहात के मंगलपुर थानाक्षेत्र के कंजड़ डेरा बस्ती में युवकों ने किशोरी के साथ अश्लीलता कर दी। इस दौरान युवकों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इसके बाद लोगों ने थाने का घेराव करते हुए वहां भी पत्थरबाजी की।

कानपुर देहात, अमृत विचार। मंगलपुर की कंजड़ डेरा बस्ती मंे शुक्रवार की रात कुछ युवकों ने किशोरी से अश्लीलता कर दी। शिकायत पर पुलिस टीम जांच करने पहंुची तो बस्ती के लोगों ने अभद्रता करते हुए पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। जिससे दो दरोगा समेत चार पुलिस कर्मी घायल हो गए। अन्य फोर्स पहुंचने पर कुछ लोगों को पकड़ कर लाने पर बस्ती के लोगों ने थाने में पत्थरबाजी कर दी। जिसके बाद कई थानों का फोर्स मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार करते हुए जेल भेजा है।

मंगलपुर थाना क्षेत्र निवासी वकील ने कंजड़ डेरा बस्ती निवासी सौरभ, कौदन व प्रेम पर महिलाओं से अश्लील हरकत करने की शिकायत शुक्रवार को पुलिस से की थी। देर शाम दरोगा डोरीलाल पुलिस कर्मियों के साथ कंजड़ डेरा में जांच करने पहुंचे। इसी दौरान छुट्टी पर आया कंजड़ डेरा निवासी जनपद इटावा के चकर नगर थाने में तैनात कांस्टेबल संतोष व अन्य लोगों ने पुलिस के साथ अभद्रता कर दी।

जिस पर पुलिस टीम ने थाने से और फोर्स बुलाकर सिपाही संतोष को पकड़ लिया। जिससे नाराज लोगों ने पथराव कर दिया। पुलिस कर्मी किसी तरह थाने पहुंचे तो पीछे से पहुंचे कंजड़ डेरा के लोगों ने थाने में भी पत्थरबाजी शुरू कर दी। जिससे दरोगा डोरीलाल, महिला एसआई नेहा, हेड कांस्टेवल राजेश व एक अन्य सिपाही घायल हो गया। घटना की सूचना पर सीओ डेरापुर रविकांत गौड़ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कंजड़ डेरा में छापेमारी कर दो दर्जन से अधिक लोगों को लोगों को हिरासत में लिया।

वहीं वकील की तहरीर पर पुलिस ने लूट, जान से मारने का प्रयास समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। जिसके बाद पुलिस ने कंजड़ डेरा निवासी संतोष गिहार, विकास, सूरज, अजय, बीनू, गोलू, आनंद, विक्रम व मुनीष को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। सीओ ने बताया कि नौ आरोपियों को गिरफ्तार करने के अलावा अन्य की पहचान की जा रही है।

अश्लीलता की जांच करने गई पुलिस टीम पर मंगलपुर की कंजड़ डेरा बस्ती के निवासी सिपाही व कुछ लोगों ने अभद्रता करते हुए पथराव किया था। बाद में थाने में भी पथराव किया गया। मामले में पीड़ित व घायल दरोगा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। नौ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अन्य की पहचान की जा रही है।- राजेश पांडेय अपर पुलिस अधीक्षक

आरोपी सिपाही के खिलाफ इटावा भेजी गई रिपोर्ट 

मंगलपुर की कंजड़ डेरा बस्ती निवासी इटावा में तैनात सिपाही संतोष पिछले दिनों छुट्टी पर घर आया था। शुक्रवार को मंगलपुर थाने की पुलिस टीम के जांच करने पहुंचने पर सिपाही आरोपियों को बचाने का प्रयास करते हुए भिड़ गया। जिसका बस्ती के अन्य लोगों ने भी समर्थन करते हुए पथराव कर दिया। जिसके बाद भारी पुलिस बल पहुंचने पर आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया। एएसपी ने बताया कि आरोपी सिपाही संतोष के खिलाफ कार्रवाई के लिए जनपद इटावा में पुलिस के उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है।

कंजड़ डेरा में भारी पुलिस बल तैनात

अश्लीलता की जांच करने पहुंची पुलिस टीम व मंगलपुर थाने में पथराव के बाद डेरापुर, सिकंदरा, रूरा समेत कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा। इस दौरान एएसपी राजेश पांडेय, सीओ डेरापुर रविकांत गौड़ कंजड़ डेरा का घूम-घूम कर जायजा लेते रहे। एहतियात के तौर पर बस्ती में भारी पुलिस बल व पीएसी जवानों को तैनात किया गया है।

संबंधित समाचार