प्रधानमंत्री के भाषणों में सिर्फ 'नाटक' था, कर्नाटक के लिए कुछ ठोस नहीं था: कांग्रेस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किये गए हमलों को लेकर उन पर पलटवार करते हुए शनिवार को कहा कि उनके भाषण में सिर्फ नाटक था, कर्नाटक के लिए कुछ ठोस नहीं था। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, "जैसा कि अनुमान था, प्रधानमंत्री मोदी ने कर्नाटक में बहुत विलम्ब से अपने चुनावी प्रचार अभियान की शुरुआत खुद को पीड़ित बताने के कार्ड का इस्तेमाल करते हुए की। उन्होंने पूरी तरह से बदनाम हो चुकी डबल इंजन सरकार के लिए वोट मांगे और कांग्रेस के बारे में बुरा-भला कहा। उन्होंने दावा किया प्रधानमंत्री ने ध्रुवीकरण करने के लिए हथकंडे अपनाने की जिम्मेदारी अमित शाह और योगी आदित्यनाथ को सौंप दी है।

 रमेश ने आरोप लगाया, प्रधानमंत्री के पहले दिन का चुनाव प्रचार सिर्फ डबल इंजन और हताशा और निराशा पर केंद्रित था। उनके भाषणों में सिर्फ नाटक था, कर्नाटक के लिए कुछ ठोस नहीं था। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ‘जहरीला सांप’ वाली टिप्पणी को लेकर पार्टी पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस और उसके नेता अब तक 91 बार अलग-अलग तरह से उन्हें अपमानित कर चुके हैं। कर्नाटक में 29 मार्च को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने के बाद पहली बार प्रचार के लिए राज्य के दौरे पर आए प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि लोग उसकी गालियों का वोटों से जवाब देंगे और वे (कांग्रेस नेता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जितना कीचड़ उछालेंगे, उतना ही कमल खिलेगा। कर्नाटक की सभी 224 विधानसभा सीट के लिए 10 मई को मतदान होगा और मतगणना 13 मई को होगी। 

ये भी पढे़ं- अग्निवीर और अन्य श्रेणियों में सेना भर्ती के लिए ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस टेस्ट शुरू, जानें डिटेल्स

 

 

संबंधित समाचार