बहराइच: निकाय चुनाव में प्रचार के दौरान हंगामा, आमने-सामने आये भाजपा और सपा कार्यकर्ता
पयागपुर/ बहराइच, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव के लिए शनिवार को पयागपुर में भाजपा और सपा के समर्थक आमने-सामने आ गए। समर्थकों की भीड़ थाने पहुंच गई। जमकर हंगामा हुआ। पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया।
जिले के पयागपुर नगर पंचायत चुनाव की सरगर्मी तेज होने पर आरोप प्रत्यारोप का दौर अब सड़क तक पहुँच गया है। शनिवार को दोपहर भाजपा प्रत्याशी के प्रतिनिधि ने पुलिस को फोन पर सूचना दी कि कोटबाज़ार के कटहरी बाग में सपा के प्रचारकों द्वारा पैसा बांटा जा रहा है। जिस पर थानाध्यक्ष राजकुमार पाण्डेय मौके पर पुलिस बल के साथ पहुँच गए। उन्होंने लोगो से इस सम्बंध में जानकारी मांगी तो लोगो ने कुछ भी ऐसा न होने की बात कही। वहीँ सपा समर्थकों ने भाजपा के लोगो पर ज्यादती का आरोप लगाया और सपा विधानसभा अध्यक्ष रामसुरेश यादव को मारने के लिए दौड़ाने का आरोप लगाया।
इस दौरान एक घर मे सपा अध्यक्ष के छुपने की सूचना पर थानाध्यक्ष ने घर का दरवाजा खुलवाया और रामसुरेश से पूछताछ करने लगे। तभी किसी ने थानाध्यक्ष के पीछे से कुछ रुपये फेके और आरोप लगाया कि यह पैसा सपा वालो ने बांटा है। इसपर थानाध्यक्ष ने राम सुरेश ,श्याम बिहारी बैश्य व छोटू पासवान को पूछताछ के लिए थाने लेकर आ गए। इसकी सूचना मिलने पर सपा समर्थको ने थाने पर पहुँचकर घेराव शुरू कर दिया। उधर मौके पर पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार ओझा व रमेश गौतम भी पहुँच गए।
इसी बीच फ्लाइंग स्क्वैड दल के मजिस्ट्रेट नागेंद्र तिवारी ने उपस्थित लोगों से जानकारी ली और मौके की चश्मदीद महिलाओं में शिव देवी, तारा देवी, सुवेद, अनिता, विद्यावती, पूर्णिमा, सरिता व संगीता के बयान दर्ज कर थाने लाये गए व्यक्ति को छोड़ने को कहा। पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही के बाद लाये राम सुरेश सहित अन्य को छोड़ दिया, तब समर्थक वापस गए। हंगामे के चलते अफरा तफरी का माहौल रहा।
ये भी पढ़ें -प्रयागराज में अनियंत्रित पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, कांस्टेबल के बेटे की मौत
