Good Work : प्रयागराज पुलिस ने ढूंढ निकाला महिला का खोया बैग, रिक्शेवाले ने भी पेश की ईमानदारी की मिसाल
प्रयागराज, अमृत विचार। जिले के बलुआघाट में अपनी नानी का हालचाल लेने आई महिला वापस घर जाते वक्त रिक्शे में अपना बैग भूल गयी। काफी दूर पहुंचने के बाद जब महिला को याद आया तो वह परेशान हाल मुट्ठीगंज थाने पहुँची और घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने रिक्शे का पता लगाया और महिला का खोया हुआ बैग वापिस लौटाया। अपना बैग पाकर महिला के चेहरे पर खुशी लौट आई।
मिली जानकारी के अनुसार नैनी की रहने वाली महिला शनिवार को अपनी नानी से मुलाकात करने बलुआघाट आई हुई थी। जब वह वापस जाने लगी तो बलुआघाट से ई रिक्शा पर बैठकर चल दी। वह नए पुल के पास पहुंची और उतरकर कुछ दूर चली गई। उसे याद आया कि वह अपना बैग रिक्शे पर भूल गयी है। जब पीछे मुड़कर देखा तो रिक्शा गायब था। महिला ने तत्काल मुट्ठीगंज थाने वापस जाकर पूरी घटना को बताया। जिसके बाद मुट्ठीगंज थाना प्रभारी आशीष चौबे ने सिपाही मोहम्मद अली और यशवंत सिंह की मदद से बैग की तलाश शुरू कर दी।
महिला के बैग में रखे मोबाईल से रिक्शे वाले की लोकेशन ट्रेस की गई और काफी मेहनत के बाद महिला का बैग वापिस ढूंढ निकाला। पुलिस के अनुसार बैग में सोने के आभूषण और नकद रुपये रखे थे। महिला ने पुलिस कर्मियों के काम को सराहा। थाना प्रभारी आशीष चौबे ने बताया कि रिक्शेवाले ने जानबूझकर बैग नही लिया था। वह बैग रिक्शे पर छूट गया था। उसकी ईमानदारी की वजह से बैग को तलाशने में मदद मिल सकी है।
ये भी पढ़ें -बहराइच: व्यापारी लूटकांड के पांच आरोपियों पर पुलिस ने की गैंगस्टर की कार्रवाई
