पीलीभीत: नमकीन खरीदने गई नाबालिग आखिर क्यों नहीं लौटी घर...जानें पूरा मामला
पीलीभीत, अमृत विचार। घर से नमकीन लेने की बात कहकर निकली किशोरी रहस्यमय ढंग से लापता हो गई। कई जगह तलाशने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं लगा। कोतवाली पुलिस ने मामले में अज्ञात पर बहला फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली में दी गई तहरीर में एक व्यक्ति ने बताया कि 28 अप्रैल को वह अपने लड़के को लेकर एक इंटर कॉलेज गए थे। घर पर पंद्रह वर्षीय पुत्री और उसकी मां थी। शाम करीब साढ़े सात बजे बेटी घर से यह कहकर निकली कि वह नमकीन लेने जा रही है। काफी देर बाद भी जब वह वापस नहीं आई तो परिजन चिंतित हो गए। कई जगह तलाश की गई लेकिन कुछ पता नहीं लग सका। परिजन का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। न ही घर पर किसी तरह का कोई विवाद बेटी से हुआ। उन्होंने किसी व्यक्ति द्वारा बहला फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई। कोतवाल नरेश त्यागी ने बताया कि अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
