अयोध्या : 13 किमी राम पथ खोलेगा नए महापौर के लिए निगम के दरवाजे

Amrit Vichar Network
Published By Pradumn Upadhyay
On

अमृत विचार, अयोध्या । नगर क्षेत्र में 13 किलोमीटर में बनने वाला रामपथ ही नए महापौर के लिए नगर निगम के दरवाजे खोलेगा। रामपथ पर चौड़ीकरण की कार्रवाई के दौरान आशियाने छिनने व दुकान विहीन हो जाने के कारण व्यापारियों में खासा आक्रोश है। यही कारण है कि सहादतगंज से नयाघाट तक 80 प्रतिशत भवनों में राजनीतिक दलों के झंडे व स्टीकर नहीं लगे हैं। वोटर खामोश हैं और चुनाव में अपनी हैसियत बताने की बात कर रहे हैं।

रामपथ पर निर्माण शुरू होने के बाद कई भवन ऐसे थे जो नजूल की भूमि पर बने थे और वर्षों से लोग वहां रह रहे थे। चौड़ीकरण की कार्रवाई के दौरान लोग उजड़ गए। भवनों की नाप-जोख के दौरान कई दुकानें धराशायी हो गईं। हालांकि व्यापारियों को विस्थापित करने के पैसे जरूर मिले, लेकिन वादे के मुताबिक न तो उन्हें मुआबजे मिले, और न ही अभी तक दुकानें ही नहीं मिल पाई हैं। इससे लोगों में काफी गुस्सा है। चुनाव मैदान में महापौर के 9 प्रत्याशियों की भी निगाहें रामपथ पर स्थित वोटरों पर हैं। इसलिए सभी उन्हें मनाने का काम कर रहे हैं और तरह-तरह के वादों के पुल बन रहे हैं। साहबगंज स्थित एक व्यापारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि चौड़ीकरण से पहले दुकानें देने की बात कही गई थी, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी दुकानें हाथ नहीं आई हैं।

लोगों को इस बार निर्दलीय प्रत्याशियों से उम्मीद

नगर निगम चुनाव में महापौर के लगभग तीन निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। पार्षद के चुनाव में कुल 350 प्रत्याशी उतरे हैं। इसमें कई प्रत्याशी निर्दलीय लड़ रहे हैं। 13 किलोमीटर बनने वाले रामपथ की परेशानियों को लेकर भी जगह-जगह पर निर्दल पार्षद प्रत्याशी मैदान में हैं। मन ही मन लोगों ने उन्हें स्वीकारना भी शुरू कर दिया है। उनका मानना है कि बड़े राजनीतिक दलों को तो कई बार वोट दिया जा चुका है। इस बार निर्दल प्रत्याशियों पर भी विश्वास कर लिया जाए।

एक घर में कमरा बनता है तो तोड़फोड़ होती है। परिवर्तन होता है। व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने के लिए कुछ न कुछ परिवर्तन करने पड़ते हैं। व्यापारियों के साथ भी बैठक की थी। कहीं कोई नाराजगी नहीं है। दोनों सरकारें अयोध्या के विकास में जुटी हुई हैं।

- गिरीशपति त्रिपाठी, महापौर प्रत्याशी, भाजपा

निकाय चुनाव कोई राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के मुद्दों का नहीं है। इसमें जनता देखेगी कि उसे नगर निगम ने नाली, सड़क, गली, हाउस टैक्स और वाटर टैक्स में क्या सुविधाएं दी है और उसे क्या मिलनी चाहिए? अयोध्या के लोगों को विकास के नाम पर सिर्फ छला गया है।

- डॉ. आशीष पांडेय दीपू, महापौर प्रत्याशी, सपा

चौड़ीकरण का हम विरोध नहीं कर रहे हैं। विकास होना चाहिए, लेकिन आज अयोध्या के व्यापारियों की बुरी गति हो गई है। छोटी-छोटी दुकानों में लोग व्यापार करने को मजबूर हो गए हैं। जनता त्रस्त हो रही है। मुआवजा भी सही नहीं मिल रहा है। हम उनकी लड़ाई लड़ेंगे।

  • प्रमिला राजपूत, महापौर प्रत्याशी, कांग्रेस

ये भी पढ़ें - Nagar Nikay Chunav 2023 : निकाय चुनाव में प्रत्याशियों के लिए सीएम योगी ने आज प्रतापगढ़ में हुँकार भरा

संबंधित समाचार