पीलीभीत: बसपा प्रत्याशी के कार्यालय उद्घाटन में फजीहत करा गए पूर्व जिलाध्यक्ष..जानिए मामला
बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ने डाला प्रत्याशी का गलत नाम ,फजीहत के बाद सोशल मीडिया पर हुई पोस्ट को कर दिया डिलीट
पीलीभीत, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव में अपनों को जिताने के दावों के बीच दूसरों की टांग खींचने से जुड़े बयान और पोस्ट तो आए दिन सामने आ रही है। एक दूसरे पर तंज कसते हुए मेसेज भी समर्थकों के द्वारा खूब वायरल किए जा रहे हैं। इसी बीच बसपा के एक पूर्व जिलाध्यक्ष की पोस्ट ने तो फजीहत करा डाली। हास्यास्पद बात यह थी कि वह अपने प्रत्याशी का नाम ही नहीं जानते थे।
मामला सोमवार देर शाम का है। एक व्हाट्सएप ग्रुप पर बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष की ओर से कुछ फोटो डाले गए। मौका था बसपा से पीलीभीत नगर पालिका परिषद से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी उर्मिला गौतम के चुनाव कार्यालय के उदघाटन का। नेताजी ने चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी का हवाला दे दिया। मगर, उसमें उर्मिला गौतम के बजाए प्रत्याशी का नाम विमला गौतम लिख गए। इस चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पूर्व चेयरमैन विमला जायसवाल भी मैदान में है।
ऐसे में जब पोस्ट सामने आई तो किसी ने यह तंज कसा कि बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष को अपने ही प्रत्याशी का नाम नहीं पता। वहीं, कुछ दूसरे का प्रचार कर जाने की बात कह गए। इसी बीच ग्रुप में जुड़े एक व्यक्ति न इस भूल का एहसास कराया। फिर नेताजी ने पूर्व में डाले गए मेसेज को डिलीट कर सुधार किया। हालांकि तब तक काफी फजीहत हो चुकी थी। इस पोस्ट के स्क्रीन शॉट भी खूब वायरल हो गए।
ये भी पढ़ें : मुकदमा लिख गया कोई आफत नहीं आई, राजीनामा हो जाएगा, ऑडियो वायरल
