Jalaun: भाजपा प्रत्याशी पर लगाया मतदाताओं को भ्रमित करने का आरोप, निर्दलीय प्रत्याशी ने निर्वाचन अधिकारी से की शिकायत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जालौन में भाजपा प्रत्याशी पर लगाया मतदाताओं को भ्रमित करने का आरोप।

जालौन में भाजपा प्रत्याशी पर लगाया मतदाताओं को भ्रमित करने का आरोप। निर्दलीय प्रत्याशी ने निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की। अधिकारी बोले लिखित में स्वीकारी गलती, भूल सुधार को कहा।

जालौन, अमृत विचार। नगरीय निकाय का चुनाव अब अंतिम बेला में पहुंच गया है। राजनीतिक दलों के प्रत्याशी अपनों को मनाने में बहुत ज्यादा सफल नहीं हुए है। जिले की चार नगर पालिका और सात नगर पंचायतों में निर्दलीय और बागी प्रत्याशियों से बहुतों की नींद उड़ी हुई है। कोंच में तो एक निर्दलीय ने भाजपा प्रत्याशी पर नमूना वैलेट पेपर से मतदाताओं को भ्रमित करने का आरोप लगाया है। इसकी बकायदा शिकायत की गई है।

जानकारी के मुताबिक कोंच नगर पालिका परिषद से अध्यक्ष पद के लिए आठ उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। इसमें पांच विभिन्न राजनीतिक दलों से है जबकि तीन प्रत्याशी निर्दलीय है। सोमवार को निर्दलीय उम्मीदवार सुरेश कुमार गुप्ता बाबूजी ने प्रेस कांफ्रेस की और कहा कि वह चुनावी मैदान में है और निर्वाचन अधिकारी की ओर से उन्हें 8 नंबर के कॉलम पर चुनाव चिन्ह अवंटित किया था। वह कोंच की जनता से अपने लिए समर्थन मांग रहे है। यह स्वंतत्र लोकतंत्र है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रदीप कुमार गुप्ता ने बैलेट पेपर का जो नमूना पत्र छपवाया वह मतदाताओं को  भ्रमित करने वाला है। उन्होंने 8 नंबर वाले खाने में उनकी प्रत्याशिता को खत्म दिखाया। नमूने में साफ तौर पर आठ नंबर वाले खाने में कोई भी प्रत्याशी नहीं दशार्या गया। यह नमूना पत्र नगर में बंटवा दिए गए। मतदाताओं को  भ्रमित करने की यह भाजपा प्रत्याशी की ओछी हरकत है। इसकी शिकायत निर्वाचन अधिकारी से की गई है।

एसडीएम कृष्ण कुमार सिंह का कहना है कि शिकायत आई है। दूसरी तरफ आरओ विजय प्रकाश वर्मा ने कहा है कि भाजपा प्रत्याशी ने खेद जताया है और अपनी भूल को सुधारने के लिए कहा है। लिखित में यह बात  भ्रमित प्रत्याशी ने दी है।

संबंधित समाचार