बरेली : नकल के साथ पकड़े जाने वाले परीक्षार्थियों की गलत जानकारी भेज रहे महाविद्यालय
सही जानकारी न होने से ऐसे छात्रों पर कार्रवाई करने में हो रही दिक्कत
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षाओं के दौरान नकल करते पकड़े जाने वाले परीक्षार्थियों का रिकार्ड महाविद्यालय सही से नहीं भेज रहे हैं। इसकी वजह से विश्वविद्यालय को ऐसे छात्रों के खिलाफ कार्रवाई में दिक्कत आ रही है। परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों को अनुचित साधन प्रयोग में पंजीकृत परीक्षार्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं के सील्ड लिफाफे को त्रुटिरहित भेजने के निर्देश दिए हैं।
परीक्षा नियंत्रक ने प्राचार्यों को निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय की परीक्षा के दौरान केंद्राध्यक्ष द्वारा अनुचित साधन प्रयोग में पंजीकृत परीक्षार्थियों के प्रेषित सील्ड लिफाफों में प्राप्त उत्तर पुस्तिकाओं और प्रपत्रों में कई कमियां पाई जा रही हैं। जिससे परीक्षार्थी के खिलाफ कार्रवाई में दिक्कत हो रही है। ऐसे में नकल के साथ परीक्षार्थी के पकड़े जाने पर पंजीकृत उत्तर पुस्तिका एवं अतिरिक्त जारी की गई नई उत्तरपुस्तिका जरूर संलग्न करें।
अनुचित साधन प्रयोग प्रपत्र परीक्षा-3 और 3 पर सभी जरूरी सूचनाएं खासकर पत्राचार का पूरा पता स्पष्ट हो। अनुचित साधन प्रयोग के प्रपत्रों एवं प्रयुक्त सामग्री पर केंद्राध्यक्ष के स्पष्ट हस्ताक्षर और मोहर अवश्य होनी चाहिए। सील्ड लिफाफे में प्रपत्र परीक्षा 3 और 3 अ दोनों उत्तरपुस्तिकाओं और अनुचित साधन प्रयोग में प्रयुक्त सामग्री अवश्य संलग्न होनी चाहिए। पंजीकृत सील्ड लिफाफा पंजीकरण के दिन ही गोपनीय विभाग में प्रेषित किया जाए।
ये भी पढ़ें- बरेली : डॉक्टरों की डिनर पार्टी में उमेश गौतम को समर्थन का ऐलान
