संभल: हिस्ट्रीशीटरों के घरों पर छापे, असामाजिक तत्वों को चेतावनी
सीओ की अगुवाई में पुलिस व एसएसबी के जवानों ने चलाया अभियान
संभल, अमृत विचार। निकाय चुनाव के लिए मतदान नजदीक आते ही पुलिस ने अपराधियों व असामाजिक तत्वों पर सख्ती शुरू कर दी है। सोमवार को सीओ जितेंद्र सरगम के नेतृत्व में पुलिस व एसएसबी के जवानों ने हयातनगर और सरायतरीन में हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के घरों पर दिन में ही छापे मारे। असामाजिक तत्वों को मतदान के दिन हरकत करने पर कड़ी कार्रवाई चेतावनी दी।
निकाय चुनाव में मतदान के लिए अब दो दिन का समय शेष है। ऐसे में पुलिस ने अपराधियों व असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सीओ जितेंद्र सरगम ने सोमवार को अपराधियों में पुलिस का खौफ कायम करने का काम किया। सीओ जितेंद्र सरगम व हयातनगर थाना प्रभारी करम सिंह पाल ने पुलिस कर्मियों व एसएसबी के सौ से ज्यादा जवानों को साथ लेकर उप नगरी सरायतरीन का रुख किया। पुलिस टीम ने एक-एक कर हिस्ट्रीशीटर बदमाशों के घरों पर दबिश दी। अपराधी घरों पर नहीं मिले तो परिजनों से उनकी लोकेशन के बारे में पूछा गया। परिजनों से कहा कि अपराधी ने चुनाव में किसी भी तरह से अशांति फैलाने का काम किया तो बख्शा नहीं जाएगा।
लोगों से संवाद कर दिया सुरक्षा का भरोसा
सीओ ने सरायतरीन व हयातनगर में अपराधियों के घरों पर दबिश कराने के साथ ही मुख्य चौराहों व अन्य सार्वजनिक जगहों पर आम जनता से संवाद कर कहा कि वह बेखौफ होकर मतदान करें। कहीं कोई असामाजिक तत्व माहौल खराब करने का प्रयास करे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।
ये भी पढ़ें- संभल: मतदाताओं को लुभाने के लिए नेताजी ने झाड़ू से साफ की नाली, वीडियो वायरल
