बदायूं में मेंथा व्यापारी ने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शव के पास मिली डायरी में मिला सुसाइड नोट, जिसमें लिखा कुछ लोगों से लेनदेन का विवरण

बदायूं, अमृत विचार। कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र में मेंथा व्यापारी ने अपने गोदाम में अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। डायरी में सुसाइड नोट मिला है। जिसमें कुछ व्यापारियों से लेकर रुपये लेने की बात लिखी है। एसएसपी ने मौका मुआयना किया। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। व्यापारी की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। 

उझानी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भद्वारगंज स्थित पुरानी अनाज मंडी में रहने वाले संजय गुप्ता (42) पुत्र महेंद्र गुप्ता मेंथा का व्यापार करते थे। कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र में इंद्राचौक के पास बरेली निवासी मनीष जैन के घर किराए पर रहते थे। अपने कमरे पर ही उन्होंने गोदाम बना लिया था। बदायूं रहकर ही वह अपना कारोबार करते थे। 

सोमवार की शाम लगभग चार बजे उनके गोदाम से गोली चलने की आवाज आई। पड़ोसी उनके कमरे के बाद पहुंचे। पुलिस को सूचना दी। कोतवाली सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। संजय गुप्ता जमीन पर मृत पड़े थे। हाथ में उनका लाइसेंसी रिवाल्वर था। शव के पास ही एक डायरी थी। जिसमें संजय गुप्ता का रुपयों के लेनदेन का हिसाब और अगले पन्ने पर उनका सुसाइड नोट लिखा था। जिसमें कुछ लोगों से लेनदेन का विवरण भी लिखा है। पुलिस ने व्यापारी के परिजनों को सूचना दी। परिवार में कोहराम मच गया। 

एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, एसपी सिटी अमित किशोरी श्रीवास्तव, सीओ सिटी आलोक मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे। परिजन भी उझानी से पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि संजय गुप्ता सोमवार की सुबह सामान्य तरीके से घर से निकले थे। पूजा की थी। परिवार से बात की थी। उन्हें देखकर नहीं लग रहा था कि वह ऐसा कदम उठा लेंगे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। मृतक व्यापारी के परिजनों ने कुछ व्यापारियों पर संजय गुप्ता को खुदकुशी को मजबूर करने और उकसाने का आरोप लगाते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस सुसाइड नोट के बारे में अभी कुछ बता नहीं रही है।

मेंथा व्यापारी इंद्राचौक के पास किराए पर रहते थे। यहीं गोदाम बना रखा था। जहां व्यापारी ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से अपनी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या की है। एक डायरी में सुसाइड नोट मिला है। जिसमें कुछ लोगों से लेनदेन का विवरण लिखा है। ऐसा लग रहा है कि इसी वजह से व्यापारी परेशान थे। सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी- डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी।

ये भी पढ़ें- बदायूं: झगड़े आपस में निपटाएं, बुजुर्गों की तालीम पर अमल करें- मियां हुजूर

संबंधित समाचार