बरेली : SST और पुलिस टीम की कार्रवाई, सराफ की कार में मिले 61 लाख रुपये, जब्त
निकाय चुनाव के दौरान एसएसटी और पुलिस टीम ने की कार्रवाई
बरेली/कैंट, अमृत विचार। चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद पुलिस और एसएसटी (स्टेटिक सर्विलांस टीम) टीमें भी सतर्क हो गईं। कैंट पुलिस और एसएसटी की टीम ने सोमवार को नकटिया चौकी पर चेकिंग के दौरान एक सराफ की कार से 61 लाख रुपये बरामद किए। टीम ने रुपये जब्त कर कोषागार में जमा करा दिए हैं।
सोमवार को शाम करीब 5 बजे चौकी इंचार्ज संजीव शर्मा पुलिस और एसएसटी टीम के मजिस्ट्रेट आनंद सागर और एसआई आजाद कुमार के साथ निकाय चुनाव के मद्देनजर नकटिया चौकी पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान फरीदपुर के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी ऋषभ जायसवाल होंडा सिटी कार से आलमगीरीगंज जा रहे थे। पुलिस ने कार को चेकिंग के लिए रोक लिया और जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें 61 लाख रुपयों से भरा एक बैग मिला। सराफ से पुलिस ने रकम का ब्योरा मांगा, लेकिन व्यापारी कोई जानकारी नहीं दे सका।
सूचना पर एसडीएम सदर प्रत्यूष पांडेय, एएसपी, सीओ प्रथम श्वेता कुमारी यादव, इंस्पेक्टर कैंट बलवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस व्यापारी और रकम को थाने ले आई। काफी देर जद्दोजहद चलने के बाद भी सराफ रकम का ब्योरा नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने रुपये कोषागार में जमा करा दिए।
"निकाय चुनाव के मद्देनजर नकटिया पर वाहन चेकिंग के दौरान सर्राफा व्यापारी की कार से बरामद हुई रकम को कोषागार में जमा कराया गया है। यदि व्यापारी रकम का ब्योरा देता है। तो रकम उसे वापस की जा सकती हैं।" बलवीर सिंह- इंस्पेक्टर कैंट
ये भी पढ़ें- बरेली : बूढ़ी मुर्गियों से वैज्ञानिकों ने तैयार की चिकन बड़ी
