बरेली: राष्ट्रीय स्तर के मुद्दे गरमाएंगे शहर का चुनाव, इस दिन जनसभा करने आ सकते हैं CM योगी
पहले चरण का चुनाव होने के बाद बरेली में हो सकते हैं भाजपा, सपा और कांग्रेस के बड़े नेताओं के दौरे
बरेली, अमृत विचार। कहने को शहर का चुनाव है और अब तक शहर के मुद्दे ही प्रत्याशियों की जुबां पर हैं लेकिन आने वाले समय में राज्य और राष्ट्रीय स्तर के मुद्दे भी इस चुनाव को गरमा सकते हैं। दरअसल, पहले चरण के चुनाव के बाद भाजपा, सपा और कांग्रेस के बड़े नेताओं के बरेली में दौरे हो सकते हैं। इसके बाद बरेली का चुनाव बड़े मुद्दों का अखाड़ा बनने की संभावना जताई जा रही है। भाजपा और सपा के स्थानीय नेताओं ने बड़े नेताओं के कार्यक्रम तय कराने के लिए जद्दोजहद शुरू कर दी है। भाजपा नेता चुनाव प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बरेली आने की संभावना जता रहे हैं।
पहले चरण का चुनाव चार मई को है, इसके बाद नौ मई तक भाजपा और सपा के बड़े नेताओं के बरेली में दौरे हो सकते हैं। भाजपा में सबसे प्रमुख नाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का है, जिनके नौ मई को बरेली आकर पार्टी प्रत्याशी उमेश गौतम के पक्ष में जनसभा करने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री को कर्नाटक के चुनाव में भी स्टार प्रचारकों में शामिल किया गया है, लिहाजा उनकी व्यस्तता कर्नाटक में भी बनी हुई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सात और आठ मई को योगी आदित्यनाथ कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे। इससे पहले भी उनके कई कार्यक्रम उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में तय हैं, लिहाजा बरेली में उनकी जनसभा के लिए नौ मई के अलावा कोई तारीख नहीं बचती जो चुनाव प्रचार का आखिरी दिन भी है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री का नौ मई को बरेली में जनसभा का कार्यक्रम अभी फाइनल नहीं हुआ है, लेकिन उनका आना लगभग तय है। उनकी जनसभा बरेली कॉलेज ग्राउंड पर हो सकती है।
उधर, समाजवादी पार्टी में अखिलेश यादव की पार्टी समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. आईएस तोमर के पक्ष में कराने की कोशिश शुरू हो गई है। पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार के मुताबिक बरेली में डॉ. तोमर के पक्ष में अखिलेश यादव की जनसभा कराने के लिए कोशिश की जा रही है। हालांकि, सपा में स्टार प्रचारकों की कमी नहीं है लेकिन डॉ. तोमर ने ही विरोधियों के हौसले पस्त कर रखे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा के बाद डॉ. तोमर की जीत का अंतर और बढ़ जाएगा।
पार्षद चुनाव लड़ रहे सपा प्रत्याशी मांग रहे हैं डॉ.तोमर का कार्यक्रम
वार्डों में पार्षद का चुनाव लड़ रहे सपा के प्रत्याशियों में पार्टी के नेताओं के बजाय समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. आईएस तोमर की जबर्दस्त मांग है। ज्यादातर प्रत्याशियों ने अपने वार्ड में डॉ. तोमर की सभा और बैठक कराने के लिए समय और जगह का ब्योरा देते हुए पार्टी कार्यालय में अर्जी दी है। पूर्व मंत्री भगवत सरन के मुताबिक डॉ. तोमर लगातार सभाएं कर रहे हैं। चुनाव प्रचार खत्म होने तक वह सभी वार्डों में सभाएं करेंगे।
आज आएंगे भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल
भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल मंगलवार को बरेली आ रहे हैं। वह दोपहर एक बजे यहां पहुंचने के बाद निर्मल रिजॉर्ट पर बैठक कर पार्टी प्रत्याशी को जिताने के लिए मंत्र देंगे। चुनाव की तैयारियों के संबंध में कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों से फीडबैक भी लेंगे। भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा ने बताया कि इस बैठक में सभी 80 वार्डाें के अध्यक्ष, संयोजक, प्रभारी, विस्तारक शामिल रहेंगे। मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी के अलावा महानगर की टीम भी बैठक में शामिल रहेगी। इसके बाद धर्मपाल जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर चुनावी माहौल की जानकारी लेंगे। बैठक दोपहर एक से चार बजे तक चलेगी। इसके बाद वह रवाना हो जाएंगे।
पहले चरण में गोरखपुर से मुरादाबाद तक उछल रहे हैंराष्ट्रीय स्तर के मुद्दे
जिन नगर निगमों में पहले चरण का चुनाव होने जा रहा है, वहां अब तक राष्ट्रीय और राज्य स्तर के मुद्दों के ही तीर एक-दूसरे पर चलाए गए हैं। सोमवार को मुरादाबाद में सीएम योगी आदित्यनाथ ने नाम लिए बगैर अखिलेश यादव, मायावती और राहुल-प्रियंका पर जमकर निशाना साधा। कहा, न भाई बहन और न बुआ-बबुआ की जोड़ी, यूपी नहीं किसी की बपौती। स्थानीय मुद्दों के साथ विकास, रोजगार, सुरक्षा की बात करते हुए उन्होंने यह भी कहा, देश बदल रहा है और पूरी दुनिया पीएम मोदी की ओर देख रही है। जो 60 वर्ष में नहीं हो पाया, वह पीएम मोदी ने नौ वर्ष में कर दिखाया। उधर, अखिलेश यादव ने गोरखपुर में हुई सभा में भ्रष्टाचार, एक्सप्रेस वे, छुट्टा पशु, बेरोजगारी और बिजली की बढ़ी दरों का मुद्दा बनाया था।
ये भी पढ़ें- बरेली : बूढ़ी मुर्गियों से वैज्ञानिकों ने तैयार की चिकन बड़ी
