अयोध्या: रोडवेज में आउटसोर्स कंप्यूटर आपरेटरों का बढ़ा मानदेय, परिवहन निगम प्रबंधन ने जारी किया पत्र 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

10 अप्रैल से कर्मियों को मिलेगा बढ़ोत्तरी का लाभ 

अमृत विचार, अयोध्या। श्रमिक कानून के अनुपालन में परिवहन निगम मुख्यालय ने विभाग में विभिन्न आउटसोर्स कंपनियों के तहत कार्यरत कंप्यूटर आपरेटर्स के मानदेय में बढ़ोत्तरी का निर्णय लिया है। मुख्यालय ने श्रमिक दिवस को कार्यरत कंप्यूटर आपरेटर्स के मानदेय में बढ़ोत्तरी का आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक मानदेय में बढ़ोत्तरी चालू वित्तीय वर्ष में 10 अप्रैल से लागू मानी जाएगी। आदेश के अनुपालन के लिए परिवहन निगम मुख्यालय के मुख्य प्रधान प्रबन्धक प्रशासन ने क्षेत्रीय प्रबंधकों को पत्र भेजा है।  

परिवहन निगम मुख्यालय लखनऊ के मुख्य प्रधान प्रबन्धक प्रशासन रामसिंह वर्मा की ओर से श्रमिक दिवस पर एक मई को जारी इस पत्र में कहा गया है कि उच्च प्रबन्धन की ओर से किये गये अनुमोदन के बाद उ.प्र. परिवहन निगम में कार्यरत आउटसोर्स कम्प्यूटर ऑपरेटर्स को वर्ष 2017 में हुए अनुबंध के तहत निर्धारित मानदेय 10 हजार 454 रूपये के स्थान पर मिनिमम वेजेज के सम्बन्ध में श्रम विभाग, उ.प्र. की अधिसूचना दिनांक 01 अक्टूबर 2022 में प्रशिक्षित कर्मियों के लिए निर्धारित मासिक मानदेय 12 हजार 5 रूपये के अनुसार भुगतान किया जायेगा। साथ ही नियुक्ति तिथि से निरन्तर कार्यरत होने की गणना करते हुए तीन श्रेणियों में 20, 25 व 30 फीसदी की बढोत्तरी के आधार पर मानदेय का भुगतान किया जायेगा। 

हालांकि नवीन कर्मियों के लिए निर्धारित बेसिक मानदेय 12 हजार 5 रूपये ही रहेगा और इनको जुलाई माह में बेसिक मानदेय में 5 फीसदी की बढ़ोत्तरी हासिल होगी। यह आदेश 10 अप्रैल 2023 से प्रभावी होगा। साथ ही  पूर्व की भांति अनुबन्ध के अनुसार ईएसआई, ईपीएफ, जीएसटी एवं संस्था के प्रशासनिक शुल्क का भुगतान अलग से किया जायेगा। पत्र में  मुख्यालय के मुख्य प्रधान प्रबन्धक प्रशासन ने क्षेत्रीय प्रबंधकों को कंप्यूटर आपरेटरों को 10 अप्रैल 2023 से वृद्धि के अनुरूप देयक तैयार करवा भुगतान कराने को कहा गया है। 

सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वित्त सुमीर कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि इस क्षेत्र में आउटसोर्स के तहत तैनात कंप्यूटर आपरेटर के मानदेय का भुगतान लखनऊ मुख्यालय से होता है। यहां से केवल क्षेत्र में तैनात कंप्यूटर आपरेटर की हाजिरी ही मुख्यालय भेजी जाती है।  

किसको कितने मानदेय का होगा भुगतान 
 
सेवा अवधि         मूल निर्धारित मानदेय पर बढ़ोत्तरी     कुल भुगतान 

2 से 5 वर्ष                20  प्रतिशत                          14406 रूपये  
5 से 10 वर्ष              25  प्रतिशत                          15006 रूपये
10 वर्ष से अधिक       30  प्रतिशत                          15607 रूपये
     

इन कंपनियों को मिली है कर्मियों के आउटसोर्सिंग का जिम्मा
 
फ्रीडम इंफ़्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, लखनऊ 
आरोहन मैनेजमेंट सर्विसेज, लखनऊ  
ई विजन इम्प्लीटेशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, कानपुर 
इम्प्रेसिव डाटा सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, नई दिल्ली 
ईएसई सिक्योरिटस, नई दिल्ली

ये भी पढ़ें -मायावती ने विपक्षी दलों पर नगर निकाय चुनाव में साम, दाम, दंड, भेद जैसे हथकंडे अपनाने का आरोप लगाया

संबंधित समाचार