रामपुर : मामूली बात को लेकर आरोपियों ने पूर्व विधायक की कार पर किया पथराव
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे भाजपा नेता आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
मिलक (रामपुर),अमृत विचार। रास्ते को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने पूर्व विधायक की कार पर पथराव कर दिया। पथराव में कार चालक बाल- बाल बचा। पूर्व विधायक ने मामले में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बता दें कि पूर्व विधायक और भाजपा नेता ज्वाला प्रसाद गंगवार का कार चालक देवराज है। उसके बहनोई ओमकार निवासी ग्राम वेहटा ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे ओमकार ई- रिक्शा लेकर गांव जा रहा था। नवदिया मोड़ पर ओमकार की ई- रिक्शा स्कूटी सवार से टकरा गई। स्कूटी सवार व उसके अन्य साथियों ने ओमकार पर हमला बोल दिया, जिससे वह चोटिल हो गया। ओमकार ने घटना की सूचना अपने साले देवराज को दी। चालक देवराज पूर्व विधायक की गाड़ी लेकर तत्काल मौके पर पहुंच गया।
पूर्व विधायक की गाड़ी देख आरोपियों ने स्कॉर्पियो पर पथराव कर दिया। स्कॉर्पियो के शीशे तोड़ दिए। सूचना पर पूर्व विधयाक ज्वाला प्रसाद गंगवार तथा उनके पुत्र भाजपा जिला महामंत्री हरीश गंगवार अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। गाड़ी को क्षतिग्रस्त देख समर्थकों का पारा चढ़ गया। गुस्साएं पूर्व विधयाक व हरीश गंगवार समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे। उन्होंने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। खबर लिखे जाने तक ज्वाला प्रसाद गंगवार,हरीश गंगवार अपने समर्थकों के साथ तत्काल गिरफ्तारी के लिए कोतवाली में जुटे हुए थे।
ये भी पढ़ें : रामपुर : BJP सरकरा में किसी भी व्यक्ति को जाति-मजहब या धर्म के आधार पर सताया नहीं गया - भूपेंद्र चौधरी
