लखनऊ : कैंसर पीड़ित मरीज की सफल सर्जरी के साथ ही डॉक्टरों ने बनाई नई जीभ
कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट में पहली बार हुई माइक्रोवास्कुलर सर्जरी
लखनऊ,अमृत विचार। कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट के डॉक्टरों ने मुंह के कैंसर से पीड़ित 56 वर्षीय मरीज की सर्जरी कर जान बचाने में कामयाबी हासिल की है। इतना ही नहीं मरीज की कटी हुई जीभ का भी पुनर्निर्माण करने में सफलता हासिल की है।
दरअसल, कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट में बीते 6 अप्रैल का एक 56 वर्षीय मरीज जीभ में दर्द और छाले की शिकायत लेकर पहुंचा था। मरीज का इलाज संस्थान स्थित ईएनटी की ओपीडी में शुरू हुआ। कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट के प्लास्टिक और रीकन्स्ट्रक्टिव सर्जरी विभाग की सहायक प्रो.मुक्ता वर्मा ने बताया कि ईएनटी विभाग की सहायक प्रो. इंदु शुक्ला ने जांच कराई, हिस्टोपैथोलॉजी जांच से स्क्वैमस सेल कार्सिनोमा के रूप में रोग की पुष्टि हुई। उसके बाद जीभ के उस हिस्से की सर्जरी की गई, जिस हिस्से में कैंसर था। कैंसर पीड़ित मरीज की जान बचाने के लिए जीभ के उस हिस्से को निकालना पड़ा। डॉ. मुक्ता वर्मा ने बताया कि उसके बाद जीभ के कटे हुये हिस्से के निर्माण की कवायद शुरू हुई।
डॉ मुक्ता वर्मा के मुताबिक 27 अप्रैल को मरीज का ऑपरेशन किया गया था। फ्री रेडियल आर्टरी फोरआर्म फ्लैप (माइक्रोवास्कुलर तकनीक) की मदद से जीभ को फिर से बनाया गया है। वह भी तब जब मरीज टाइप 2 डायबिटीज और लिवर की बीमारी से पीड़ित है। सर्जरी के पांच दिन बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ है। जल्द ही मरीज को संस्थान से छुट्टी दे दी जायेगी।
डॉ मुक्ता वर्मा ने बताया कि इस तरह के कैंसर होने का एक कारण तंबाकू का सेवन भी हो सकता है। जिस मरीज का इलाज किया गया है। वह भी लंबे समय से तंबाकू का सेवन कर रहा था। डॉ. मुक्ता ने लोगों से अपील की है कि तंबाकू का सेवन करने से बचें। जिससे जीवन और स्वास्थ्य दोनों की रक्षा हो सके।
यह भी पढ़ें : विश्व अस्थमा दिवस : अस्थमा के मरीजों के लिए नई गाइडलाइन जारी, इन्हेलर के संबंध में यह बात आई सामने
