बरेली में नियंत्रण में कोविड, सिर्फ कन्टेनमेंट जोन में बढ़ेगी सख्ती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। जिला प्रशासन कोरोना से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ने को जनपद के नागरिकों के लिए अच्छा संकेत मान रहा हैं। संक्रमण से ठीक होने वालों की दर 68.8 प्रतिशत पहुंच गई है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी नितीश कुमार कहते हैं कि अब कोविड नियंत्रण में आ रहा है। ज्यादा …

बरेली,अमृत विचार। जिला प्रशासन कोरोना से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ने को जनपद के नागरिकों के लिए अच्छा संकेत मान रहा हैं। संक्रमण से ठीक होने वालों की दर 68.8 प्रतिशत पहुंच गई है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी नितीश कुमार कहते हैं कि अब कोविड नियंत्रण में आ रहा है। ज्यादा सैंपलिंग से भले ही संक्रमितों की संख्या बढ़ी लेकिन इसके अच्छे परिणाम भी सामने आए हैं। इसलिए अब सिर्फ कन्टेनमेंट जोन में ही सख्ती बढ़ाई जाएगी।

बाजार पांच दिन खोला जाएगा। वीकेंड लाकडाउन में पहले की तरह दुकानें बंद रखी जाएंगी। सिर्फ आवश्यक सेवा की दुकानों का संचालन जारी रहेगा। व्यापारियों को कोविड नियमों का पालन करते हुए ग्राहकों को सामान बेचने के निर्देश दिए गए है। भीड़ वाले बाजार में और सख्ती बरतने के लिए पुलिस अफसरों को बोला गया हैं। जिलाधिकारी ने यह भी कहा है कि जिन कन्टेनमेंट जोन में संक्रमण डाउन हुआ है। वहां की स्थिति देखते हुए कुछ ढील दी जा सकती है।

जनपद बरेली में कोरोना से जंग जीतकर अब तक 3805 कोरोना संक्रमित लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिलाधिकारी नितीश कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान में अब तक जनपद में 1.23 लाख से अधिक घरों का सर्वे किया जा चुका है। 85000 से अधिक लोगों की सैंपलिंग की जा चुकी है।

वर्तमान में 370 कोरोना मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। 3164 लोग होम आइसोलेशन में हैं। 1976 लोग होम आइसोलेशन में ठीक हो चुके हैं। एक्टिव केस में भी तेजी से गिरावट आ रही है। 21 अगस्त तक ये घटकर 1615 रही थी। जबकि 20 अगस्त तक इनकी संख्या 1748 थी। जनपद के लिए यह एक शुभ संकेत माना जा रहा है। कलेक्ट्रट स्थित इंटीग्रेटेड कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर 24 घंटे होम आइसोलेशन व अन्य मरीजों की निगरानी कर रहा है।

कोविड अस्पतालों में सिर्फ 370 मरीजों का ही इलाज हो रहा
चारों कोविड हॉस्पिटल समेत 300 बेड हास्पिटल के 150 बेड मिलाकर अब बेड की संख्या 1260 हो गई। वर्तमान में इनमें 370 रोगियों का इलाज चल रहा है। इनमें 60 आईसीयू बेड्स हैं। 50 वेंटीलेटर्स हैं। जिनमें अभी 48 मरीजों का इलाज चल रहा है। कोविड मरीजों के लिए दो अन्य निजी पेड हॉस्पिटल भी हैं। जहां 20-20 बेड हैं।

300 बेड हॉस्पिटल में भूतल पर तैयार हो रहा 30 बेड का आईसीयू
जिलाधिकारी नितीश कुमार कहते हैं कि 300 बेड हॉस्पिटल को कोविड एल टू में परिवर्तित करने की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई हैं। इस अस्पताल के भूतल पर 30 बेड का आईसीयू तैयार हो रहा है। 14 वेंटीलेटर उपलब्ध हैं। इनमें 10 एसेम्बेल्ड कर दिए गए हैं। शेष चार पोर्टेबल हैं। आठ बेड वाले आईसीयू यूनिट के एक वार्ड में आठ वेंटीलेटर स्थापित किए जा चुके हैं। इस अस्पताल के तीन विंग में 135 बेड की व्यवस्था है। भूतल पर 35, पहले तल पर 50 और द्वितीय तल पर भी 50 बेड की व्यवस्था है। भूतल एवं प्रथम तल के सभी बेडों पर ऑक्सीजन पाइप लाइन की व्यवस्था की गई है। द्वितीय तल पर सिलेंडर से ऑक्सीजन की व्यवस्था है।

डीएम ने कोरोना से बचाव के कार्यों की समीक्षा की
जिलाधिकारी नितीश कुमार ने रविवार शाम कलेक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटेड कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने कोरोना से बचाव संबंधी किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान डीएम ने कमांड सेंटर में कार्यरत कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सेंटर से ही पूरे जनपद में कोरोना को कंट्रोल करने के लिए लगातार अनुश्रवण किया जा रहा है। डीएम ने कर्मचारियों से होम आईसोलेशन में रहने वाले संक्रमितों से प्रतिदिन निगरानी करने के निर्देश दिए।

संबंधित समाचार