बरेली: निजी स्कूलों के शिक्षकों समेत 75 लोग कोरोना पॉजिटिव
बरेली,अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमण का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को जिले में 75 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से 71 लोगों की सूची ही जारी की जा सकी। सीएचसी भोजीपुरा और जिला अस्पताल के कर्मचारियों के साथ शिक्षकों में भी संक्रमण पाया गया …
बरेली,अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमण का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को जिले में 75 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से 71 लोगों की सूची ही जारी की जा सकी। सीएचसी भोजीपुरा और जिला अस्पताल के कर्मचारियों के साथ शिक्षकों में भी संक्रमण पाया गया है। हालांकि जिला सर्विलांस अधिकारी डा. अशोक कुमार ने बताया कि रविवार को कोरोना से कोई मौत नहीं हुई।
मिलेट्री हॉस्पिटल और पीलीभीत बाईपास रोड स्थित एक निजी अस्पताल में एक-एक संक्रमित मिलने की पुष्टि हुई है। वहीं पुलिस लाइन और जिला अस्पताल में एक संक्रमित मिला है। सुभाषनगर थाने के एक और एसआई को भी संक्रमण पाया गया है। रेजीडेंसी कॉलोनी में तीन संक्रमित पाए गए हैं। वहीं शहर के मॉडल टाउन, सुभाष नगर बानखाना में दो-दो संक्रमित, फतेहगंज रोड स्थित न्यू स्टेशन कॉलोनी, सिविल लाइंस, महानगर, क्योलड़िया में एक-एक कोरोना संक्रमित की पुष्टि हुई है।
लाल पैथ लैब से आठ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव
बीते दिनों एक 13 वर्षीय लड़की का ब्लड ग्रुप गलत बताने को लेकर विवादों में फंसी लाल पैथ लैब से रविवार को आई रिपोर्ट के अनुसार आठ लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे पहले यह लैब एक लड़की का ब्लड ग्रुप गलत बताने को लेकर काफी दिनों तक विवादों में रही। वहीं, दो पॉजिटिव रिपोट फोकस पैथलैब से तो दो पॉजिटिव रिपोर्ट एसआरएल यूनिट से प्राप्त हुई हैं।
प्रशासन को राहत, 125 में से नौ मौतों का आंकड़ा हुआ कम
शासन ने जिला प्रशासन को बड़ी राहत दी है। संक्रमण से होने वाली 125 मौतों में से नौ मौतों का आंकड़ा कम कर दिया। मंडल मुख्यालय होने की वजह से बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, पूरनपुर, बीसलपुर, रामपुर के मरीजों की होने वाली मौतें भी बरेली के खाते में जोड़ी जा रही थीं। इससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई थी।
हाल ही में संक्रमितों की मौतों का आंकड़ा 125 तक पहुंचने के बाद जिलाधिकारी नितीश कुमार ने शासन में पैरवी की। उनका कहना था कि मूल निवास के जिले में संक्रमित की मौत के आंकड़े जुड़ने चाहिए। सही रिकार्ड रखने के लिए ऐसा करना जरूरी है। शासन से मंजूरी आने के बाद अब अधिकृत रूप से 125 में नौ संक्रमितों की मौतों की जानकारी उनके संबंधित जिलों को भेजी गई है।
जिलाधिकारी नितीश कुमार का कहना है कि शासन में कोविड के दूसरे जिलों के मृतकों की सूची भी भेजी गई थी। ताकि उन्हें उनके जिलों के कोविड मरीजों में शामिल करवाया जा सके। शासन से स्वीकृति मिल गई है। जनपद से बाहरी शहरों के लोगों की मौतों के आंकड़े अब यहां नहीं जुड़ेंगे।
