बरेली : अगले सत्र से विश्वविद्यालय के सभी पाठ्यक्रम सेमेस्टर होंगे आधारित 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इस वर्ष ही संस्थागत छात्रों की होंगी वार्षिक परीक्षाएं, अगले वर्ष से सभी परीक्षाएं सेमेस्टर होंगी

बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में अगले सत्र 2023-24 से पूरी तरह से सेमेस्टर पाठ्यक्रम से संचालित होना शुरू हो जाएगा। नई शिक्षा नीति के तहत अगस्त में स्नातक और परास्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश होंगे। इसके बाद सभी कक्षाएं सेमेस्टर प्रणाली से ही शुरू हो जाएंगी। सिर्फ इस वर्ष ही वार्षिक परीक्षाओं का आयोजन होगा, इसके बाद सभी सेमेस्टर परीक्षाएं ही आयोजित की जाएंगी।

प्रदेश में एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय नई शिक्षा नीति लागू करने वाला पहला विश्वविद्यालय बना है। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में सत्र 2021-22 स्नातक (बीए, बीएससी और बीकॉम ) में सेमेस्टर पाठ्यक्रम की शुरुआत की गई। सत्र 2022-23 में स्नातक के साथ परास्नातक (एमए, एमएससी और एमकॉम) में भी सेमेस्टर पाठ्यक्रम शुरू हो गया। कुछ दिनों पूर्व स्नातक प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं भी समाप्त हुईं। जल्द ही स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं भी शुरू होने वाली हैं। 20 मई से स्नातक और परास्नातक की मुख्य परीक्षाएं (वार्षिक परीक्षाएं) शुरू हो रही हैं। इनमें संस्थागत छात्र सिर्फ स्नातक तृतीय वर्ष और परास्नातक द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं देंगे। 

व्यक्तिगत छात्र ही स्नातक प्रथम, द्वितीय और तृतीय और परास्नातक प्रथम और द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं देंगे। इसके अलावा स्नातक प्रथम और द्वितीय वर्ष में भूतपूर्व और परास्नातक प्रथम वर्ष में भूतपूर्व छात्र ही संस्थागत के होंगे। अगले सत्र में स्नातक और परास्नातक के सभी पाठ्यक्रम सेमेस्टर होंगे और परीक्षाएं भी सेमेस्टर आधारित होंगी। 

विश्वविद्यालय परिसर में पहले से ही सेमेस्टर पाठ्यक्रम संचालित हैं। इनके अलावा अन्य पाठ्यक्रम पहले से ही सेमेस्टर आधारित हैं। कुलपति प्रो. केपी सिंह ने बताया कि अगले सत्र में स्नातक और परास्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश होने के बाद अगस्त से विश्वविद्यालय के सभी पाठ्यक्रम सेमेस्टर आधारित होंगे। विश्वविद्यालय प्रदेश में पहला है, जिसने नई शिक्षा नीति को लागू किया।

ये भी पढ़ें- बरेली : नाली और गली के मुद्दों पर ही लड़ूंगा चुनाव- डॉ. केबी त्रिपाठी

संबंधित समाचार