भिखारी का हत्यारोपी गिरफ्तार, बोला- रोज छीन लेता था भीख की रकम, इसलिए दारू-मुर्गा की दावत के बाद घोंट दिया गला 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अमृत विचार। रामनगरी के हनुमानगढ़ी क्षेत्र स्थित एक किराए के मकान में बंद ताले के भीतर मिले शव के मामले का राम जन्म भूमि थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त एक भिखारी के रूप में की है और उसकी हत्या के आरोप में साथी भिखारी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में हत्यारोपी ने बताया है कि मृतक रोज उसकी भीख की रकम छीन कर दारू और मुर्गा में उड़ा देता था इसी से तंग होकर उसने एक दिन दारु मुर्गा की दावत दी और नशा चढ़ने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी।

बुधवार को क्षेत्राधिकारी अयोध्या एसके गौतम ने बताया कि रामजन्मभूमि थाना क्षेत्र स्थित हनुमानगढ़ी के निकट इमली बाग आवासीय परिसर के महंत हनुमानदास के कमरे से जिसमें भगवानदास उर्फ दीपू सिंह उर्फ सूरदास भिखारी किराये पर रहता था, जहां से एक शख्स का 28 अप्रैल को बंद कमरे में सड़ा गला शव मिला था। मृतक की शिनाख्त नन्हकू के रूप में हुई थी जो हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर भीख मांगने का काम करता था। प्रकरण में हत्या की धारा में केस पंजीकृत कराया गया था। मामले की विवेचना में जुटी आरजेबी थाना पुलिस ने भगवानदास उर्फ दीपू सिंह उर्फ सूरदास निवासी ग्राम लालपुर पोस्ट शिवराजपुर थाना सिबली जनपद कानपुर देहात को आज स्टेशन रोड जलवानपुरा मोहल्ला थाना रामजन्मभूमि से गिरफ्तार किया गया। उसने हत्या की बात कबूल कर ली है।

शरीर शांत होने के बाद, कमरा बंद कर हो गया था फरार
पूंछताछ में भगवानदास उर्फ दीपू सिंह उर्फ सूरदास ने बताया कि वर्ष 2012-2013 मे जहरीली शराब के सेवन से उसके आंखो की रोशनी चली गई थी। वह हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर पेट पालने के लिए भीख मांगता था। नन्हकू भी वहीं पर भीख मांगता था। नन्हकू अक्सर भीख मे मिले पैसे छीन लिया करता था तथा उसके कमरे पर आकर दारू मुर्गा उड़ाता था। 26 अप्रैल की शाम को भी उसने मुर्गा बनाया और खाया तथा दारु पीकर झगड़ा करने लगा, इसपर उसने दोनो हाथो से उसका गला पकड़ कर दबा दिया। नन्हकू का शरीर शान्त हो गया और काफी देर तक उसके शरीर मे कोई हलचल न हुई तो वह ताला बंद कर कमरे से बाहर निकला और फोन कर सीताराम को बुलाया तथा उसे कमरे की चाभी देकर आवश्यक कार्य से घर जाने की बात कहकर निकल गया। सीओ अयोध्या ने बताया कि पकड़े गए आरोपी का चालान किया जा रहा है ।

ये भी पढ़ें - Hamirpur Crime: प्रेमिका ने शादी करने से किया इंकार, प्रेमी ने घर में घुसकर युवती को गोली मार उतारा मौत के घाट  

संबंधित समाचार