UP Nikay Chunav 2023 : Jalaun में अफसरों की निगरानी में मतदान केंद्रों के लिए 467 पोलिंग पार्टियां रवाना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जालौन में अफसरों की निगरानी में मतदान केंद्रों के लिए 467 पोलिंग पार्टियां रवाना।

जालौन में अफसरों की निगरानी में मतदान केंद्रों के लिए 467 पोलिंग पार्टियां रवाना। चार नगर पालिका और सात नगर पंचायतों के लिए मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जरूरी दिशा निर्देश दिए।

जालौन, अमृत विचार। नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2023 के लिए मतदान प्रक्रिया को सम्पन्न कराने के लिए बुधवार को आला अधिकारियों की निगरानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ 467 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। इसके साथ ही अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए। साफ तौर पर कहा गया कि पोलिंग बूथ पर किसी का आतिथ्य स्वीकार न करें। शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए पूरी तरह से चौकन्ना रहें। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान गहमा गहमी भरा माहौल रहा।

गुरुवार चार मई को सुबह सात बजे से मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। जिले में चार नगर पालिका परिषद के अलावा सात नगर पंचायतों में अध्यक्ष व सभासद पद के लिए मतदान होगा। मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और मतदान से पूर्व की तैयारियों को दुरुस्त करने के लिए बुधवार को ही पोलिंग पार्टियां रवाना की गई। राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में एक दिन पहले ही वाहन जमा हो गए थे।

पोलिंग पार्टियां रवाना करते वक्त कोई परेशानी न आए इसके पहले से ही इंतजाम प्रशासन की ओर से कर लिए गए थे। बुधवार को उरई जीआईसी से चुनाव आयोग के प्रेक्षक जीएस प्रियदर्शी, जिलाधिकारी चांदनी सिंह, पुलिस अधीक्षक ईरज राजा, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विशाल यादव सहित तमाम अधिकारियों की मौजूदगी में उरई नगर पालिका परिषद, एट व कोटरा नगर पंचायत के लिए पोलिंग पार्टियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना किया गया। उरई के लिए 202, एट के लिए 15 और कोटरा के लिए 11 पार्टियां बनाई गई।

कालपी तहसील से कदौरा के लिए 16 व कालपी के लिए 56 पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। माधौगढ़ से माधौगढ़ के लिए 14, रामपुरा के लिए 16 और ऊमरी नगर पंचायत के लिए 10 पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। इसी प्रकार कोंच एसआरपी इंटर कॉलेज से नदीगांव के लिए 11 व कोंच के लिए 58 पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। जालौन में बनाए गए सेंटर से जालौन की 60 पोलिंग पार्टियां भेजी गई। कुल मिलाकर नगर पालिका व नगर पंचायतों में मतदान के लिए बनाए गए कुल 467 मतदान केंद्रों के लिए 467 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। जिले में कहीं कोई परेशानी आती है उस आपात स्थिति के लिए 51 पार्टियों को रिजर्व में रखा गया है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पीठासीन समेत चार कर्मचारी लगाए गए हैं।

संबंधित समाचार