चुनावी हथकंडा! वायरल कर दिया रशियन डांसर व शराब की अनुमति मांगता फर्जी पत्र, फिर हुआ ये सब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में अंबेडकर नगर के निर्दलीय प्रत्याशी के नाम से सोशल मीडिया पर हुआ वायरल।

कानपुर में अंबेडकर नगर के निर्दलीय प्रत्याशी के नाम से सोशल मीडिया पर हुआ वायरल। प्रत्याशी ने खंडन कर प्रशासन से मामले की जांच कराने का आग्रह किया।

कानपुर, अमृत विचार। निकाय चुनाव में जीत के साथ-साथ खुन्नस निपटाने की मुहिम भी तेजी से चल रही है। बुधवार को एक निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी का फर्जी पत्र दिन भर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इस पत्र में जिला प्रशासन से चुनाव जीतने के लिए रशियन डांसर और शराब बांटने की अनुमति मांगी गयी थी। बाद में प्रत्याशी ने ऐसा कोई पत्र देने से साफ इनकार करते हुए प्रशासन से मामले की जांच कराने का आग्रह किया है।

बुधवार सुबह से ही अचानक सोशल मीडिया पर कानपुर नगर निगम चुनाव में वार्ड 30 अंबेडकर नगर से पार्षद पद के निर्दलीय प्रत्याशी संजय दुबे का एक पत्र वायरल हो गया था।

चुनाव रिटर्निंग अधिकारी के नाम से संबोधित इस पत्र में लिखा था, ‘निवेदन है कि प्रार्थी वार्ड नंबर 30 अंबेडकर नगर काकादेव से निर्दलीय प्रत्याशी है… प्रार्थी अपने मतदाताओं को लुभाने हेतु रशियन डांस रात में (विदेशी लड़कियां बीस साल से अधिक) एवं शराब की व्यवस्था करना चाहता है। प्रार्थी को अनुमति प्रदान करें’। पत्र में एक मई की तिथि अंकित थी। पत्र को वास्तविक बनाने के लिए बाकायदा अधिकारियों द्वारा की जाने वाली नोटिंग को भी उसका हिस्सा बनाया गया था। 

पत्र के साथ एक विदेशी युवती का डांस वीडियो भी वायरल कर दिया गया था। पत्र व वीडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया। अपर नगर मजिस्ट्रेट (षष्टम्) जंगबहादुर यादव ने ऐसा कोई पत्र न मिलने की बात कही। पुलिस अधिकारियों ने इसका संज्ञान लेकर काकादेव पुलिस को प्रत्याशी के घर जांच करने भेजा। वहां कुछ न मिलने की बात काकादेव पुलिस की ओर से कही गयी है।

प्रत्याशी संजय दुबे को जब पता चला तो वह भी भौचक्के रह गये। पेशे से वकील संजय दुबे का कहना है कि उन्होंने ऐसा कोई आवेदन नहीं किया है। वायरल पत्र फर्जी और उनके विरोधियों की साजिश है। इस मामले में उन्होंने अपर जिलाधिकारी (नगर) के पास शिकायत दर्ज कराकर उनके नाम से फर्जी पत्र वायरल करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सोशल मीडिया पर एक युवती का डांस करते हुए वीडियो व पत्र वायरल हुआ है। वीडियो कब और कहाँ का है इसकी जांच की जा रही है। वायरल पत्र की भी जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगें, उन पर चुनाव आयोग के निर्देश के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।- बृजनारायण सिंह, एसीपी, स्वरूप नगर

संबंधित समाचार