बरेली : ट्रक ने युवक को 100 मीटर तक घसीटा, मौत
चौरासी घंटा मंदिर के पास हादसा
बरेली, अमृत विचार। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे युवक को चपेट में ले लिया। युवक ट्रक के पिछले पहिए में फंस गया और चालक उसे करीब 100 मीटर तक घसीटकर ले गया। शोर होने पर चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। लोगों ने हेल्पर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बुधवार देर शाम सुभाषनगर में चौरासी घंटा मंदिर के पास यह हादसा हुआ। ट्रक बदायूं की ओर से आ रहा था। सुभाषनगर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। बुधवार देर शाम बदायूं रोड पर चौरासी घंटा मंदिर के समीप हुए हादसे में जान गंवाने वाले युवक की शिनाख्त बिशारतगंज के गांव मिर्जापुर निवासी मुकेश के रूप में हुई है।
पिता राजू ने बताया कि उनके चार बेटों में मुकेश तीसरे नंबर का था। वह दिल्ली में मजदूरी करता था। मंगलवार को वह दिल्ली से घर के लिए चला था, लेकिन ट्रेन में नींद आने के कारण मुकेश लखनऊ पहुंच गया। वहां से लौट रहा था।
राजू ने बताया कि बुधवार को मुकेश से अंतिम बार अपराह्न 3.17 बजे मोबाइल पर बात हुई थी। उसने कहा कि वह देर रात तक पहुंच जाएगा, उसके मोबाइल की बैट्री डाउन हो रही है, इसलिए अब बात नहीं हो सकेगी। रात 11 बजे सुभाषनगर पुलिस ने गांव के पूर्व प्रधान के बेटे को फोन कर हादसे की जानकारी दी। इस घटना से परिजन सदमे में हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली : शोध छात्रों को 15 मई तक जमा करने होंगे आवेदन
